हल्द्वानी,,15 अक्टूबर। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2026 के तहत गुरुवार को एचएन इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में लगभग 300 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यशाला में बैंणी सेना के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी ने विद्यार्थियों को बताया कि प्रभावी कचरा प्रबंधन की शुरुआत कचरे को उसी स्थान पर अलग-अलग करने से होती है, जहां वह उत्पन्न होता है। उन्होंने गीले, सूखे, सेनेटरी और विशेष देखभाल वाले कचरे की श्रेणियों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि भोजन के अवशेष, फल-सब्जियों के छिलके और अन्य जैविक सामग्री गीले कचरे में आती हैं, जबकि कागज, गत्ता, प्लास्टिक, कांच और धातु जैसी पुनर्चक्रण योग्य सामग्री सूखे कचरे की श्रेणी में शामिल हैं। इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड और डायपर को अलग तथा सुरक्षित रखना चाहिए। वहीं, बैटरी, बल्ब, ई-वेस्ट और अन्य हानिकारक घरेलू अपशिष्ट का भी उचित तरीके से निस्तारण आवश्यक है।।प्लास्टिक का उपयोग कम करने और 3R अपनाने पर जोरकार्यशाला में विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का अनावश्यक इस्तेमाल कम करने और प्लास्टिक कचरे को खुले स्थानों, नालियों तथा जलस्रोतों में नहीं फेंकने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें प्लास्टिक कचरे को अलग एकत्र कर नगर निगम की संग्रहण व्यवस्था को सौंपने की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान Reduce, Reuse और Recycle (3R) यानी कचरे को कम करना, वस्तुओं का दोबारा उपयोग करना और पुनर्चक्रण को अपनाने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को घर पर गीले कचरे से जैविक खाद तैयार करने की सरल विधि भी बताई गई, जिससे कचरे की मात्रा घटाने के साथ उपयोगी खाद बनाई जा सकती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बीसी सामंत ने विद्यार्थियों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में मिली जानकारी को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाएं। यदि प्रत्येक विद्यार्थी अपने घर से ही कचरा पृथक्करण की शुरुआत करे, तो स्वच्छता अभियान को व्यापक जनभागीदारी मिल सकती है।
कार्यक्रम में बैंणी सेना के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी, एसबीएम टीम के मनीष पांडेय तथा पीएमयू टीम के पंकज द्विवेदी उपस्थित रहे। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत विद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि नागरिकों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।