Connect with us

उत्तराखण्ड

आम्रपाली विश्वविद्यालय में ‘अभिनंदन-2026’ की धूम, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

हल्द्वानी, 30 सितंबर 2026। आम्रपाली विश्वविद्यालय में विभिन्न विभागों में प्रवेश लेने वाले नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘अभिनंदन-2026’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शास्त्रीय नृत्य, कुमाऊंनी नृत्य, बॉलीवुड डांस, भांगड़ा, गायन एवं संगीत वादन की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के सीईओ डा. संजय ढींगरा, सचिव श्रीमती बिंदू चावला, संयुक्त सचिव श्री मयंक ढींगरा एवं कुलपति प्रो. (डा.) धर्मवीर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डा.) धर्मवीर सिंह ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का विकास केवल किताबी शिक्षा तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। प्राचीन भारत की गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गुरुकुलों में विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास पर ध्यान दिया जाता था, उसी प्रकार वर्तमान समय में भी शिक्षा के साथ सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों से खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, गोष्ठियों, सम्मेलनों और कार्यशालाओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग जगत में हो रहे बदलावों की जानकारी मिलती है और उनके व्यक्तित्व में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना का विकास होता है। कुलपति ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों तथा आयोजन से जुड़े शिक्षकों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।

रैंप शो रहा आकर्षण का केंद्र

सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए ‘अभिनंदन-2026’ में नवागंतुक विद्यार्थियों का रैंप शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिभागियों का चयन वेशभूषा, रैंप वॉक और प्रश्नोत्तर के विभिन्न चरणों के आधार पर किया गया।

इस दौरान किरन सुनरी को मिस फ्रेशर तथा यश शाह को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। वहीं महिमा जोशी ने मिस बेस्ट टैलेंट और तनिष्क कुंवर ने मिस्टर बेस्ट टैलेंट का खिताब अपने नाम किया। खुशी को मिस बेस्ट पर्सनैलिटी तथा फहम को मिस्टर बेस्ट पर्सनैलिटी चुना गया। पायल ने मिस बेस्ट अटायर और अंशुल धरियाल ने मिस्टर बेस्ट अटायर का खिताब हासिल किया।

कुमाऊंनी नृत्य और भांगड़ा ने जीता दिल

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान विद्यार्थियों ने शास्त्रीय नृत्य, कुमाऊंनी नृत्य, बॉलीवुड नृत्य और भांगड़ा की शानदार प्रस्तुतियां दीं। संस्थान के विद्यार्थियों ने गायन एवं विभिन्न वाद्य यंत्रों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक भी झूमने पर मजबूर हो गए।

नवागंतुक विद्यार्थियों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और ‘अभिनंदन-2026’ की सराहना की।

पूर्व छात्रों ने साझा की पुरानी यादें

कार्यक्रम में आम्रपाली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। पूर्व छात्रों ने कार्यक्रम में शामिल होकर विश्वविद्यालय में बिताए अपने पुराने दिनों को याद किया और नवागंतुक विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम समन्वयक एवं विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डा.) एम.के. पाण्डेय ने अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए प्रबंधन मंडल का विशेष धन्यवाद किया।

विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो. (डा.) एस.के. सिंह ने ‘अभिनंदन-2026’ के समन्वयक प्रो. (डा.) एम.के. पाण्डेय, सह-समन्वयक डा. मनोज नेगी, सुमित जोशी सहित आयोजन समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्र समन्वयकों और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जो उनके भविष्य के निर्माण में सहायक होती है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष श्री चानन लाल ढींगरा, सीईओ डा. संजय ढींगरा, सचिव श्रीमती बिंदू चावला, संयुक्त सचिव श्री मयंक ढींगरा, कुलपति प्रो. (डा.) धर्मवीर सिंह, प्रतिकुलपति प्रो. (डा.) एस.के. सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डा.) मनोज कुमार पाण्डेय, कुलसचिव श्री राधाचरण बेहरा, विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page