उत्तराखण्ड
आईटीएफ एमटी-200 टेनिस टूर्नामेंट में हल्द्वानी के हेम कुमार पांडेय बने उपविजेता
“”



हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (ITF) के तत्वावधान में जयपुर स्थित ड्रीम हाउस में आयोजित आईटीएफ एमटी-200 टेनिस टूर्नामेंट-2026 में हल्द्वानी के हेम कुमार पांडेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 65+ आयुवर्ग के डबल्स मुकाबले में उपविजेता का खिताब हासिल किया।
19 सितंबर से 24 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता के 65+ आयुवर्ग के डबल्स फाइनल में उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी हेम कुमार पांडेय और लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के भारत लाल की जोड़ी का मुकाबला हैदराबाद के सुरेश मुरथाटी और जयपुर के ललित शर्मा की जोड़ी से हुआ। रोमांचक मुकाबले में सुरेश मुरथाटी और ललित शर्मा ने सुपर टाई-ब्रेक में 6-4, 4-6, 10-5 से जीत दर्ज करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। हेम कुमार पांडेय और भारत लाल को उपविजेता की ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा।
सात दिनों तक चली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न शहरों के खिलाड़ियों के साथ जापान के खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कोलकाता, मुंबई, दिल्ली, अमृतसर, हैदराबाद, जयपुर, लखनऊ, गुरुग्राम, नैनीताल, भरतपुर और चंडीगढ़ सहित देश के विभिन्न शहरों से लगभग 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान कोर्ट के रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं की भी खिलाड़ियों ने सराहना की। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता की सफलता को देखते हुए आगामी वर्ष इसके आईटीएफ एमटी-400 स्तर पर अपग्रेड होने की संभावना जताई जा रही है।
65+ आयुवर्ग के एकल मुकाबले में मुंबई के संजय कुमार ने दिल्ली के राज दत्त को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, 65+ आयुवर्ग के अन्य एकल मुकाबले में दिल्ली के पवन जैन ने सिबु मैथ्यू को पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया।
40+ आयुवर्ग में दिल्ली के सरवणजीत सिंह ढोढी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल और डबल्स, दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले जीतकर दोहरी सफलता हासिल की।
प्रतियोगिता के डायरेक्टर सुमित गुप्ता रहे, जबकि आईटीएफ सुपरवाइजर सेजल जे. केनिया रहीं।

















