उत्तराखण्ड
सतपुली झील बदलेगी पौड़ी की तकदीर: ₹56 करोड़ के प्रोजेक्ट से थमेगा पलायन, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भरी विकास की हुंकार ।

चौबटाखाल विधानसभा के अंतर्गत राजकीय कन्या विद्यालय परिसर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर एक विशाल बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जनसुनवाई करते हुए इस शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण और विद्युत सहित तमाम सरकारी विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर जनता की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया।
झील परियोजना से थमेगा पलायन, बढ़ेगा रोजगार
शिविर को संबोधित करते हुए सिंचाई व पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि नयार नदी पर 56 करोड़ 34 लाख 97 हजार रुपये की लागत से बन रही बहुप्रतीक्षित सतपुली झील का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा:
“यह सिर्फ पानी का जलाशय नहीं है, बल्कि यह योजना पूरे क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली साबित होगी। सतपुली जल्द ही उत्तराखंड के मानचित्र पर एक प्रमुख साहसिक (Adventure) और झील पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगा। यहाँ बोटिंग, कयाकिंग और एंगलिंग जैसी गतिविधियाँ शुरू होने से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार मिलेगा, जिससे क्षेत्र से होने वाले पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी।”
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने आगे बताया कि इस झील से क्षेत्र के भू-जल स्तर में सुधार होगा, जिससे पेयजल और सिंचाई की किल्लत दूर होगी। साथ ही, मानसून के दौरान नयार नदी के जल को नियंत्रित कर बाढ़ जैसी आपदाओं से भी सुरक्षा मिलेगी।
चौबट्टाखाल में करोड़ों की विकास योजनाओं की झड़ी
कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे अन्य बड़े बुनियादी ढांचागत (Infrastructure) विकास कार्यों का ब्योरा भी साझा किया:
सड़क कनेक्टिविटी: गुमखाल से सतपुली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के चौड़ीकरण और डामरीकरण पर 400 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा करीब 35 करोड़ की लागत से नए मोटर मार्गों का निर्माण और डामरीकरण पूरा किया गया है।
पेजल संकट का समाधान: 47.70 करोड़ रुपये की गुजरखण्ड और सतपुली नगरीय पंपिंग पेयजल योजनाओं की स्वीकृति के बाद अब सतपुली नगर सहित 40 से अधिक गांवों को स्वच्छ पेयजल मिलने लगेगा।
शहरी विकास व सुविधाएं: सतपुली में नगर पंचायत कार्यालय, बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सुलभ शौचालय, कार पार्किंग और रैन बसेरे के लिए कुल 9.71 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य पूरे या स्वीकृत किए जा चुके हैं। इसके अलावा पूर्वी नयार नदी पर 16 करोड़ की लागत से दो नए मोटर पुलों का निर्माण कार्य भी संपन्न हो चुका है।
जनसुनवाई और सामाजिक सरोकार
इस बहुउद्देशीय शिविर में समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने का प्रयास किया गया। मौके पर 04 दिव्यांगजनों को विकलांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए। जनसुनवाई काउंटर पर कुल 42 शिकायतें और 91 मांग पत्र दर्ज किए गए, जिन्हें त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया।
महिला और युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए, द्वारीखाल और जयहरीखाल ब्लॉक के पंजीकृत महिला व युवक मंगल दलों को स्वास्थ्य संवर्धन और स्वावलंबन योजना के तहत 10 लाख 84 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई।
सांस्कृतिक रंग और प्रशासनिक मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति विभाग और स्थानीय कलाकारों ने बेहतरीन गढ़वाली लोकगीतों और नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा माहौल ऊर्जा और उत्साह से भर गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर पूर्व मंत्री अमृता रावत, सुयश रावत, मोहिना रावत, सतपुली नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवाण व बीना राणा, जिला पंचायत सदस्य पूनम नेगी, एसडीएम रेखा आर्य सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
