उत्तराखण्ड
जनसुनवाई: आयुक्त दीपक रावत ने सुनी जन समस्याएं, कई मामलों का त्वरित निस्तारण

हल्द्वानी, 18 अप्रैल 2026 शनिवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त व मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना। भूमि विवाद, अवैध निर्माण, धोखाधड़ी, अतिक्रमण, पारिवारिक झगड़े और ओबीसी प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण मामलों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण भी कराया गया।
ड्रग लाइसेंस समस्या का तुरंत समाधान
घोड़ाखाल रोड, भवाली (नैनीताल) निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने 2022-23 में द्रोण कॉलेज ऑफ फार्मेसी, रुद्रपुर से डी.फार्मा किया और ड्रग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। लेकिन चालान बार-बार निरस्त हो रहा था। मुख्य चिकित्साधिकारी को सूचित करने के बावजूद समस्या बनी रही। जनसुनवाई में आयुक्त रावत ने मामले का संज्ञान लिया, जिसके बाद 17 अप्रैल को उनका आवेदन स्वीकृत हो गया।
पति की बकाया सैलरी दिलाने का आश्वासन
मंगल पड़ाव मछली बाजार, हल्द्वानी निवासी विद्यावती ने शिकायत की कि उनके पति राजेश कुमार 15 वर्षों से ट्रिबकुल कंपनी में कार्यरत थे। 26 दिसंबर 2025 को हृदयाघात से उनकी मृत्यु हो गई। कंपनी मालिक ने पिछले दो वर्षों की तनख्वाह नहीं दी। आयुक्त ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही बकाया राशि दिलवा दी जाएगी।
भूमि विवाद में तहसीलदार को जांच के आदेश
रामनगर निवासी पार्वती रावत ने बताया कि 2008 में उन्होंने चंदन सिंह बिष्ट से 750 वर्ग फुट जमीन खरीदी और 2010 में चहारदीवारी बनाई। लेकिन प्रताप सिंह रावत दावा कर रहे हैं कि रजिस्ट्री उनके नाम है। आयुक्त दीपक रावत ने तहसीलदार रामनगर को जमीन की जांच कर वस्तुस्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
स्कूल फीस समस्या का मौके पर हल
बरेली रोड, हल्द्वानी निवासी माया जोशी ने कहा कि उनकी पुत्री (कक्षा 9) और पुत्र (कक्षा 6) निर्मला कान्वेंट स्कूल में पढ़ते हैं। आर्थिक तंगी के कारण 67,550 रुपये फीस जमा नहीं कर पाईं। आयुक्त ने स्कूल प्रबंधक से बात कर समस्या का तत्काल समाधान कराया।
जनसुनवाई से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।





