उत्तराखण्ड
महिला स्वास्थ्य जागरूकता पर लोक भवन में कार्यक्रम आयोजित

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी समस्याओं एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों पर संवाद स्थापित करना था। मुख्य वक्ता के रूप में बी.डी. पांडेय अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने महिलाओं को स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, व्यक्तिगत एवं प्राकृतिक स्वच्छता, गर्भावस्था के दौरान देखभाल तथा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर ने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की धुरी हैं तथा समाज के समग्र विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अक्सर परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं, जबकि स्वयं को स्वस्थ रखना भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने महिलाओं को खुलकर अपनी समस्याएं साझा करने के लिए प्रेरित करते हुए आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्त्व सहित लोक भवन की महिला कार्मिक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
