Connect with us

उत्तराखण्ड

राज्यपाल के समक्ष ‘विधि सहयोगी’ एप का प्रस्तुतीकरण, आमजन को मिलेगी सरल कानूनी सहायता,,


लोक भवन, देहरादून, 15 अप्रैल, 2026
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) के समक्ष आज सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने ‘विधि सहयोगी’ मोबाइल एप का प्रस्तुतीकरण दिया।
उन्होंने बताया कि ‘विधि सहयोगी’ एक एआई सक्षम मोबाइल एप है, जिसे आम लोगों को सरल भाषा में कानूनी जानकारी उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और विधिक सहायता तक पहुंच आसान बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।

एप के माध्यम से उपयोगकर्ता विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, अध्ययन सामग्री हासिल कर सकेंगे और आवश्यकता पड़ने पर अधिवक्ताओं से संपर्क भी कर सकेंगे।
प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि भविष्य में एप में ऑनलाइन परामर्श, केस ट्रैकिंग, दस्तावेज प्रबंधन तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं जोड़ने की भी योजना है। कुलपति ने अवगत कराया कि एप पर कार्य प्रगति पर है और इसे शीघ्र ही लॉन्च किया जाएगा।
राज्यपाल ने एप को तैयार करने वाली टीम एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नवाचार समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने और लोगों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राज्यपाल ने निर्देश दिए कि एप में समय-समय पर आवश्यक सुधार एवं अपडेट किए जाते रहें, ताकि इसकी उपयोगिता और प्रभावशीलता लगातार बढ़ती रहे।

उन्होंने इस एप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी बल दिया, जिससे अधिक से अधिक आमजन इसके बारे में जान सकें और इसका लाभ उठा सकें, साथ ही लॉन्च से पूर्व लोगों में जागरूकता के लिए कार्यशालाएँ आयोजित करने का सुझाव भी दिया।
इस अवसर पर सचिव, राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल एवं अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी उपस्थित रहे।

Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page