उत्तराखण्ड
राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने भाजपा को बादाम भेजकर लोकायुक्त वादे की याद दिलाई

लोकायुक्त गठन के पुराने वादे को पूरा करने की मांग को लेकर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी (RRP) के कार्यकर्ताओं ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। बादाम का गिफ्ट हैंपर भेजकर उन्होंने भाजपा को ‘बादाम’ दिखाने का प्रतीकात्मक संदेश दिया।
प्रदर्शन की शुरुआत और पुलिस कार्रवाई
सुबह 10 बजे नेहरू कॉलोनी, फवारा चौक से कूच करके RRP कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंचे। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और “लोकायुक्त दो, वादा निभाओ” जैसे नारे लगाए।
नायब तहसीलदार सुरेश सेमवाल ने मौके पर पहुंचकर पार्टी नेताओं से ज्ञापन और बादाम का हैंपर प्राप्त किया। उन्होंने इसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद धरना समाप्त हो गया।
नेताओं के बयान
राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा, “भाजपा ने 2017 में 100 दिनों में लोकायुक्त बनाने का वादा किया था। 9 साल हो गए, दो बार सरकार बनी, लेकिन वादा अधर में लटका है। हम शांतिपूर्ण तरीके से सिर्फ याद दिलाने आए थे।”
प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने कहा, “कार्यक्रम सफल रहा। बादाम भेंट से हमारा संदेश साफ है। लोकायुक्त जल्द गठित न हुआ तो आंदोलन तेज होगा।”
उत्तराखंड आंदोलन प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सुशीला पटवाल ने जोर देकर कहा, “लोकायुक्त के बिना भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लग सकती। उत्तराखंड आंदोलन की भावना को जिंदा रखेंगे।”
अन्य दलों से अपील और उपस्थित नेता
RRP ने अन्य राजनीतिक दलों व जनसंगठनों से मुद्दे पर समर्थन की अपील की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल, प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल, भगवती प्रसाद नौटियाल (सैनिक प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष), भगवती प्रसाद गोस्वामी (जिला अध्यक्ष सैनिक प्रकोष्ठ), ऊषा डोभाल (समानता पार्टी महिला अध्यक्ष), अनिल डोभाल, पंकज उनियाल, स्वाभिमान मोर्चा रायपुर प्रभारी, सुरेंद्र चौहान, शुशीला पटवाल, बंशी गोस्वामी, योगानंद उनियाल, मीना थपलियाल, रजनी कुकरेती, मंजू रावत, यशोदा रावत, सुमन रावत, शांति चौहान, आशा चौहान, दुर्गा नौटियाल, सत्या प्रकाश गौड़, सुरेशानंद डोभाल, रघुवीर सिंह बिष्ट, शैलेंद्र नैगी आदि उपस्थित रहे

