उत्तराखण्ड
17 जुलाई को देहरादून में होगा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम, तैयारियों को लेकर विधायक सुमित हृदयेश ने की बैठक


बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, जिम्मेदारियों के निर्धारण, परिवहन व्यवस्था तथा अधिक से अधिक छात्र-युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं और विद्यार्थियों की आवाज़ को सीधे सुनने तथा उनके विचारों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि आज का युवा शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, नवाचार, उद्यमिता और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखना चाहता है तथा यह कार्यक्रम उन्हें ऐसा अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह गैर-राजनीतिक (Non-Political) होगा। इसमें किसी भी प्रकार की राजनीतिक चर्चा नहीं होगी, बल्कि छात्रों के भविष्य, उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं पर सार्थक संवाद किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि कार्यक्रम में 30 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि देशभर के छात्रों की आवाज़ सुनने और उन्हें लोकतांत्रिक संवाद का मंच उपलब्ध कराने की यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
बैठक के अंत में विधायक सुमित हृदयेश ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर अधिक से अधिक छात्र-युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया, ताकि उत्तराखंड के विद्यार्थी बड़ी संख्या में इस संवाद का हिस्सा बन सकें।
बैठक में महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मधु सांगुड़ी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत बगड़वाल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

