Connect with us

उत्तराखण्ड

बेतालघाट में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित, प्रभारी मंत्री खजान दास ने सुनीं जनता की समस्याएं

 

स्वास्थ्य केंद्र में जल्द लगेगी अल्ट्रासाउंड मशीन, विकास कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता

19 जून। विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड सभागार बेतालघाट में भव्य जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण एवं भाषा विभाग के मंत्री तथा जनपद नैनीताल के प्रभारी मंत्री खजान दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्रीय जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपने संबोधन में मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प के अनुरूप देश और उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना समेत केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

जन संवाद कार्यक्रम में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और सिंचाई से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को गति दी जाए।

बेतालघाट स्वास्थ्य केंद्र में मिलेगी अल्ट्रासाउंड सुविधा

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने बेतालघाट स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इस पर मंत्री खजान दास ने दूरभाष के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता कर क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कर यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सड़क सुधार के लिए धनराशि दिलाने का आश्वासन

जनता ने रामनगर-अमगढ़ी-ओखलाडूंगा-बेतालघाट-रतौड़-रिची मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं हॉटमिक्स की मांग भी रखी। इस पर मंत्री ने कहा कि उक्त कार्य के लिए शीघ्र ही धनराशि आवंटित कराने का प्रयास किया जाएगा।

नशा मुक्त भारत अभियान की दिलाई शपथ

कार्यक्रम के अंत में मंत्री खजान दास ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशा मुक्त रहने की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य, शांति महरा, भावना मेहरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप बोहरा, जिला पंचायत सदस्य तरुण शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page