Connect with us

उत्तराखण्ड

सड़क सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग का सघन अभियान, 105 वाहनों के चालान, 6 वाहन सीज

 

हल्द्वानी,,, 27 जुलाई। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने सोमवार को हल्द्वानी संभाग में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न श्रेणी के वाहनों की जांच करते हुए कुल 105 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 6 वाहनों को सीज कर दिया गया।

संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि प्रवर्तन दलों ने ई-रिक्शा, ऑटो, ट्रक, बस, दोपहिया एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों की गहन जांच की। अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 22 दोपहिया वाहन चालकों का बिना हेलमेट वाहन चलाने पर चालान किया गया। इसके अलावा 17 चालकों के यूनिफॉर्म नहीं पहनने, 8 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने, 11 वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) नहीं होने, 13 वाहनों द्वारा टैक्स का भुगतान नहीं करने, 35 यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग, 8 वाहनों का बीमा प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने तथा 11 यात्री वाहनों में अवैध रूप से माल ढुलाई करने के मामलों में कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान स्कूली वाहनों की भी विशेष जांच की गई। जिन वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स एवं अग्निशमन यंत्र जैसी अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं मिलीं, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

यह प्रवर्तन अभियान हल्द्वानी-कालाढूंगी, हल्द्वानी-नैनीताल, बरेली रोड तथा रुद्रपुर मार्ग पर चलाया गया। अभियान में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, अनुभव आर्य, अपराजिता पांडे तथा परिवहन सहायक निरीक्षक आर.सी. पवार, गिरीश कांड और नंदन रावत शामिल रहे।

संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. गुरदेव सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने, ओवरलोडिंग से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page