उत्तराखण्ड
खाद्य सुरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश, पर्यटन सीजन में बढ़ेगी जांच और सैंपलिंग
नैनीताल, 25 जुलाई 2026 
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने पर्यटन सीजन को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों, होटल एवं रेस्तरां से अधिक संख्या में खाद्य नमूने लेने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित निरीक्षण तथा लाइसेंस एवं पंजीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने प्रयोगशाला से प्राप्त लंबित रिपोर्टों की समीक्षा करते हुए जिन मामलों में रिपोर्ट उपलब्ध हो चुकी है, उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर शीघ्र पत्राचार करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार करने, भ्रामक अथवा मिथ्या लेबल वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री, बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों तथा नकली या निम्न गुणवत्ता की खाद्य सामग्री बेचने वाले कारोबारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा तथा आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में सहायक आयुक्त (खाद्य) अजय सिंह रावत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक अर्चना उप्पल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


