उत्तराखण्ड
कुमाऊं आयुक्त की जनसुनवाई में तत्काल कार्रवाई, रेवती देवी के नाम दर्ज हुई पुश्तैनी भूमि
नैनीताल, 29 जुलाई 2026।।
ग्राम जंतवालगांव, तहसील एवं जिला नैनीताल निवासी श्रीमती रेवती देवी ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ससुर स्वर्गीय गुमान राम के नाम दर्ज भूमि को विरासत के आधार पर अपने नाम दर्ज कराने के लिए उन्होंने मार्च 2026 में तहसील में आवेदन किया था, लेकिन कई माह बीतने के बाद भी दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने उसी दिन तहसीलदार नैनीताल को तलब कर शिकायतकर्ता के साथ सुनवाई की। सुनवाई के बाद तहसीलदार ने आवश्यक राजस्व प्रक्रिया पूरी करते हुए श्रीमती रेवती देवी के नाम विरासतन दाखिल-खारिज दर्ज कर दिया और इसकी जानकारी आयुक्त को उपलब्ध कराई।
जनसुनवाई के माध्यम से मामले के त्वरित निस्तारण पर शिकायतकर्ता ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया। प्रशासन का कहना है कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।


