उत्तराखण्ड
सेंट पॉल स्कूल में चला हरियाली अभियान, पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को सेंट पॉल स्कूल, हल्द्वानी में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेल्फ रिलायंस इनिशिएटिव्स ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में किया गया, जिसमें विद्यालय प्रबंधन, समाजसेवियों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्षा तनुजा जोशी ने की। इस अवसर पर स्कूल की प्रबंधिका ज़रीना मैम, स्कूल प्रबंधक जीवन पॉल तथा वरिष्ठ समाज सेविका उषा मुकेश की अगुवाई में विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उन्हें बताया गया कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध रखने का कार्य ही नहीं करते, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संरक्षण तथा जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को अपने घरों, विद्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
संस्था की अध्यक्षा तनुजा जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधारोपण एक प्रभावी समाधान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्यों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण अभियान को निरंतर जारी रखने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
