उत्तराखण्ड
नगर निगम विद्यालयों की शिक्षण व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर मंथन
हल्द्वानी। हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम के अंतर्गत संचालित नगर निगम इंटर कॉलेज एवं नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षण व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए नए शौचालय भवनों के निर्माण तथा मौजूदा शौचालयों के जीर्णोद्धार पर चर्चा हुई। इसके साथ ही विद्यालय परिसरों में शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पाइपलाइन व्यवस्था और वाटर कूलर की स्थिति की समीक्षा की गई।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों तथा शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को लेकर भी गंभीर मंथन किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विद्यार्थियों की सुविधाओं से संबंधित चिन्हित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए।
बैठक के अंत में नगर आयुक्त परितोष वर्मा एवं सहायक अभियंता नवल नौटियाल को निर्देशित किया गया कि सभी आवश्यक कार्यों को त्वरित गति और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में नगर निगम इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य पुष्पा गोस्वामी तथा नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य फरहत अबसार भी उपस्थित रहीं।

















