उत्तराखण्ड
हल्द्वानी अस्पताल से डॉक्टरों के तबादलों का विरोध, आशा कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री को भेजा ज्ञापन

यूनियन की अध्यक्ष रिंकी जोशी ने कहा कि प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं पहले से ही संसाधनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से जूझ रही हैं। ऐसे में हल्द्वानी महिला अस्पताल से एक साथ कई डॉक्टरों का तबादला किए जाने से गरीब मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और दूर-दराज़ से इलाज के लिए आने वाले लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से जनहित को देखते हुए इन तबादलों को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू ने कहा कि सरकार को डॉक्टरों के तबादले करने के बजाय सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों, रेडियोलॉजिस्ट और अन्य आवश्यक चिकित्सा विशेषज्ञों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरना चाहिए। उनका कहना था कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों के हितों का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है। उन्होंने सरकार से रिक्त विशेषज्ञ पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रिंकी जोशी, प्रीति रावत, सरोज रावत, रीना वाला, ज्योति रावत, राम भट्ट, प्रियंका शाही, रोशनी, कमला आर्य, गीता बोरा सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता और यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।
