उत्तराखण्ड
शिक्षक दिवस पर वन प्रशिक्षणार्थियों ने शिक्षकों का किया सम्मान



उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
हल्द्वानी, 5 सितंबर। रामपुर रोड स्थित उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी के खेल मैदान में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। वर्तमान में अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे करीब 40 वन प्रशिक्षणार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति आदर एवं सम्मान व्यक्त करते हुए गुरु-शिष्य परंपरा की सुंदर मिसाल पेश की।
शिक्षक दिवस भारत के महान दार्शनिक एवं देश के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को मनाया जाता है। डॉ. राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर, 1888 को हुआ था।
शाम के समय अकादमी के हरे-भरे खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वन प्रशिक्षणार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में केक काटा और उन्हें खिलाकर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने अपने प्रशिक्षकों के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान की भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम में खेल प्रशिक्षक सुनील अधिकारी, नारायण जलाल एवं प्रकाश चंद्र (पीटी, वॉलीबॉल एवं जनरल स्पोर्ट्स) तथा टेनिस प्रशिक्षक एवं जिला टेनिस एसोसिएशन, नैनीताल के सचिव हेम कुमार पांडेय उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी के उपनिदेशक सूरज तिवारी ने सभी प्रशिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वन प्रशिक्षणार्थियों द्वारा अपने गुरुओं के प्रति प्रदर्शित समर्पण, अनुशासन एवं सम्मान की भावना की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण, उत्साहपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। वन प्रशिक्षणार्थियों और प्रशिक्षकों ने इस अवसर को आपसी सम्मान एवं गुरु-शिष्य संबंधों की गरिमा को समर्पित किया।

















