उत्तराखण्ड
शिक्षक दिवस पर ‘एक हाथ सब साथ’ ने स्वास्थ्य जागरूकता के साथ 205 बच्चों को बांटे स्कूल बैग




‘मिशन शिक्षा के साथ स्वास्थ्य’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को दी स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी
फरीदाबाद, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘मिशन शिक्षा के साथ स्वास्थ्य’ अभियान के अंतर्गत अखिल भारतीय मानव कल्याण ट्रस्ट एवं ‘एक हाथ सब साथ’ की ओर से शिव मंदिर, तिरखा कॉलोनी, बल्लभगढ़ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. हृदयेश कुमार ने कहा कि मानसून के बाद बढ़ती उमस और मौसम में बदलाव के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। इस समय वातावरण में नमी बढ़ने से बैक्टीरिया और वायरस तेजी से पनप सकते हैं। ऐसे में पाचन तंत्र, रोग प्रतिरोधक क्षमता और व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि इस मौसम में हमेशा ताजा और गर्म भोजन का सेवन करें तथा खुले में रखे खाद्य पदार्थ, कटे हुए फल, सलाद और चाट-पकौड़ी आदि से बचें। दूषित भोजन और पानी से टाइफाइड, पीलिया एवं फूड पॉइजनिंग जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का सेवन करने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह भी दी।
डॉ. हृदयेश कुमार ने कहा कि रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रखने के लिए संतुलित आहार लेना चाहिए। नींबू, संतरा और आंवला जैसे मौसमी फलों को आहार में शामिल करने के साथ अदरक, तुलसी और हल्दी जैसी खाद्य सामग्री का उचित उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी घरेलू उपाय को बीमारी के इलाज का विकल्प न मानते हुए आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।
स्वच्छता के संबंध में उन्होंने कहा कि भोजन बनाने और खाने से पहले तथा बाहर से आने के बाद साबुन से हाथ अच्छी तरह धोने की आदत विकसित करनी चाहिए। घर के आसपास, कूलर, गमलों अथवा अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरों से सुरक्षा के उपाय अपनाने तथा पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में स्वस्थ जीवनशैली को लेकर हल्के व्यायाम, योग, प्राणायाम और पर्याप्त नींद के महत्व पर भी चर्चा की गई। मौसम परिवर्तन के दौरान गले में खराश, खांसी, बुखार, एलर्जी, सांस संबंधी परेशानी, पाचन संबंधी समस्याओं तथा सिरदर्द जैसी दिक्कतों के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया गया।
205 बच्चों को वितरित किए स्कूल बैग और अध्ययन सामग्री
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद बच्चों को सहयोग प्रदान करना रहा। ट्रस्ट की ओर से 205 बच्चों को स्कूल बैग, पांच कॉपियां और ज्योमेट्री बॉक्स का सेट वितरित किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से ऐसे प्रयास लगातार किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पंडित वेद प्रकाश पाराशर, शिव शंकर राय, सुबोध कुमार साह, वेदवीर, नीरज कुमार, गोपाल कुमार, राकेश कुमार, मनीषा देवी और विमलेश देवी सहित अनेक गणमान्य लोग, अभिभावक एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं प्रबंधन में डॉ. महेंद्र भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर डॉ. हृदयेश कुमार ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट की ओर से कार्यक्रम में शामिल शिक्षकों, अभिभावकों, बच्चों और स्थानीय निवासियों की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग के लिए भी आभार जताया गया।
कार्यक्रम के समापन पर ‘एक हाथ सब साथ ट्रस्ट’ की ओर से सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं बच्चों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

















