Connect with us

उत्तराखण्ड

शहीदों के सम्मान में जलेगी दीपावली की रोशनी, ‘एक समाज श्रेष्ठ समाज’ संस्था ने बांटे 51 हजार मिट्टी के दीये

कालाढूंगी चौराहे पर लगाया निःशुल्क वितरण स्टॉल, आमजन से दीपावली पर शहीदों के नाम एक दीया जलाने की अपील

हल्द्वानी। भारतीय सेना के वीर जवानों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को सम्मान देने के उद्देश्य से ‘एक समाज श्रेष्ठ समाज’ संस्था की ओर से दीपावली की शुभ संध्या पर ‘एक दीया शहीदों के नाम’ अभियान चलाया गया। संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं कोषाध्यक्ष बलराम हालदार के नेतृत्व में हल्द्वानी के कालाढूंगी चौराहे पर निःशुल्क स्टॉल लगाकर आमजन को 51 हजार मिट्टी के दीये और बाती के पैकेट वितरित किए गए।

संस्था की इस पहल का उद्देश्य दीपावली के पावन पर्व पर प्रत्येक परिवार को देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों की याद दिलाना और उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का भाव जागृत करना है। स्टॉल पर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर मिट्टी के दीये और बाती के पैकेट प्राप्त किए। संस्था के सदस्यों ने लोगों से अपील की कि वे दीपावली पर अपने घरों में एक दीया देश के वीर शहीदों के नाम अवश्य जलाएं।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं संरक्षक हरीश चन्द पाण्डेय ने संयुक्त रूप से कहा कि भारतीय सेना के जवान विषम परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। वे हजारों फीट की ऊंचाई, कड़ाके की ठंड और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना दुश्मनों की हर गतिविधि पर नजर रखते हैं और देश की सुरक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करते हैं।

उन्होंने कहा कि सेना के जवानों के अदम्य साहस और सतर्कता के कारण ही देशवासी अपने घरों में सुरक्षित रहते हैं और सभी त्योहारों को हर्षोल्लास एवं निर्भीक होकर मना पाते हैं। देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा कि इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संस्था द्वारा ‘एक दीया शहीदों के नाम’ अभियान के अंतर्गत 51 हजार मिट्टी के दीये और बाती के पैकेट तैयार कर निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। संस्था का प्रयास है कि दीपावली के अवसर पर प्रत्येक भारतीय अपने घर में एक दीया शहीदों के नाम जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करे और उनके बलिदान को सदैव याद रखे। यह प्रत्येक भारतीय का नैतिक एवं राष्ट्रीय कर्तव्य है।

इस दौरान संस्था की मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार, अलका टंडन, रेनू कांडपाल, जया जोशी, तारा पाण्डेय, नवल आर्या, प्रशांत गुप्ता, सूरज मिस्त्री, मनीषा आर्या, वर्तिका जोशी, मनीष साहू, वंश प्रजापति, सुशील राय, सूरज कुम्हार, दीपक कुमार, मुकेश कुमार सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page