उत्तराखण्ड
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटा नैनीताल जिला प्रशासन, डीएम ने 56 नोडल और 108 सहायक नोडल अधिकारी किए नियुक्त

नैनीताल। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में 56 नोडल अधिकारियों और 108 सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। इन अधिकारियों को निर्वाचन से जुड़ी 38 अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड, देहरादून की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत मतदान कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण, ईवीएम एवं वीवीपैट प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, परिवहन व्यवस्था, निर्वाचन व्यय की निगरानी, मीडिया प्रबंधन और मतदाता जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
इन अधिकारियों को मिली प्रमुख जिम्मेदारियां
मतदान कार्मिक प्रबंधन के लिए मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं निदेशक उच्च शिक्षा हल्द्वानी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एवं लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशिक्षण प्रबंधन के लिए परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक एवं प्रधानाचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान भीमताल सहायक नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।
आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को सौंपी गई है। नगर आयुक्त हल्द्वानी, सभी रिटर्निंग अधिकारी, लोक निर्माण विभाग एवं यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष सहायक नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।
परिवहन प्रबंधन के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन एवं जिला पूर्ति अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इनके सहयोग के लिए हल्द्वानी एवं रामनगर के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, ट्रांसपोर्ट टैक्स ऑफिसर, जिला अभिहित अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है।
ईवीएम प्रबंधन एवं प्रशिक्षण के लिए अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई भीमताल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं सेवायोजन निदेशालय के सहायक निदेशक, आईटीआई के प्रधानाचार्य एवं अनुदेशक, पुलिस अधीक्षक, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा सभी रिटर्निंग अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
निर्वाचन व्यय की निगरानी के लिए मुख्य कोषाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इस व्यवस्था में सभी रिटर्निंग अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, आयकर अधिकारी, कोषाधिकारी हल्द्वानी एवं नैनीताल तथा समस्त उपकोषाधिकारी सहयोग करेंगे।
मतपत्र एवं डाक मतपत्र से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए नगर आयुक्त नगर निगम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं ईटीपीबीएस (इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट सिस्टम) के प्राप्ति, वितरण एवं प्रेषण की जिम्मेदारी जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एवं सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विशाल प्रसाद को दी गई है।
लेखन सामग्री एवं निर्वाचन संबंधी प्रपत्रों की छपाई के लिए वरिष्ठ कीट एवं मौनपालन केंद्र ज्योलीकोट को नोडल अधिकारी बनाया गया है। मीडिया सेल, एमसीएमसी एवं पेड न्यूज की निगरानी के लिए अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम एवं सहायक परियोजना अधिकारी ग्राम विकास को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कंप्यूटरीकरण, मोबाइल एप एवं आईटी एप्लीकेशन के संचालन के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वहीं मतदाता जागरूकता के लिए संचालित होने वाले स्वीप कार्यक्रम की जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारी एवं निदेशक उच्च शिक्षा को दी गई है। इस अभियान के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई, अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड तथा जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं और सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए कार्यों की प्रगति से समय-समय पर जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी स्थिति सामने आने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।
इस नियुक्ति के साथ ही नैनीताल जिला प्रशासन ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर विभागीय स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।





