उत्तराखण्ड
राज्य स्थापना दिवस पर नैनीताल में होंगे विविध आयोजन, मैराथन दौड़ से लेकर हिमालय फूड फेस्टिवल तक सजेगा उत्सव


डीएसए मैदान में होगा मुख्य समारोह, शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलनकारियों को दी जाएगी श्रद्धांजलि; नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता का भी होगा आयोजन
नैनीताल, 3 नवंबर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की वर्षगांठ को भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख राजकीय भवनों को एलईडी लाइटों से आकर्षक रूप से सजाकर प्रकाशमान किया जाएगा। कुमाऊं मंडल विकास निगम भी अपने कार्यालयों एवं पर्यटक आवास गृहों को रोशनी से सजाएगा, जिससे स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे जनपद में उत्सव का माहौल नजर आए।
नैनीताल और हल्द्वानी में होगी मैराथन दौड़
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी को आपसी समन्वय से राज्य स्थापना दिवस पर मैराथन दौड़ आयोजित कराने के निर्देश दिए। नैनीताल में मैराथन डीएसए मैदान मल्लीताल से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए पुनः डीएसए मैदान में समाप्त होगी। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट भी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसी प्रकार हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम से भी मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ निर्धारित मार्गों से होते हुए वापस स्टेडियम में संपन्न होगी। इसमें भी स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी तथा विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
मैराथन के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दो मेडिकल सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
शहीद स्मारक पर होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रातः 9 बजे तल्लीताल स्थित राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय प्रताप सिंह जो रोड के शहीद स्मारक पर उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, शहर के गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख व्यक्तियों की सहभागिता रहेगी।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को शहीद स्मारक की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं फूल-मालाओं की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएसए मैदान में होगा मुख्य समारोह, नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता
बैठक में तय किया गया कि राज्य स्थापना दिवस का मुख्य समारोह प्रातः 10 बजे डीएसए मैदान, नैनीताल में आयोजित होगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता शुरू होगी। वहीं अपराह्न 1 बजे से डीएसए मैदान में हिमालय फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा।
फूड फेस्टिवल में उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से प्रदेश की समृद्ध खानपान संस्कृति, स्थानीय उत्पादों एवं पारंपरिक व्यंजनों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका, एसडीएम नैनीताल एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से स्टॉल, मंच निर्माण, साउंड सिस्टम, लाइटिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।
नैनी झील में नौकायन, सेलिंग, रिंगाटा, साफ-सफाई एवं दीपदान सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों से दिखेगी उत्तराखंड की लोकसंस्कृति
राज्य स्थापना दिवस समारोह को आकर्षक एवं यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, संस्कृति विभाग एवं सूचना विभाग को समन्वय स्थापित कर उद्घोषक, बैंड प्रस्तुति, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आकर्षक झांकियों एवं छोलिया नृत्य की प्रस्तुतियां आयोजित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रमों में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और राज्य की विशिष्ट पहचान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए, ताकि नई पीढ़ी को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अवसर मिल सके।
विभागों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को कार्यक्रम के दौरान पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, जिला पूर्ति अधिकारी को मुख्य अतिथि एवं गणमान्य व्यक्तियों के लिए जलपान की व्यवस्था करने तथा उद्यान अधिकारी को अतिथि सत्कार की जिम्मेदारी सौंपी।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी को हिमालय फूड फेस्टिवल के आयोजन एवं टेंट व्यवस्था का दायित्व दिया गया। वहीं अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड नैनीताल को मुख्य मंच, स्टॉल एवं आयोजन स्थलों पर विद्युत संयोजन और निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूरी करें, ताकि राज्य स्थापना दिवस का आयोजन सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ अस्वाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार पंत, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, जिला पर्यटन अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, सीओ नैनीताल सहित विद्युत, स्वास्थ्य, उद्यान एवं नगर पालिका परिषद के अधिकारी
तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





