उत्तराखण्ड
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की दी शुभकामनाएं
राज
देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भैया दूज के पावन पर्वों की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्ध जीवन की कामना की।
लोक भवन सूचना परिसर से जारी संदेश में राज्यपाल ने कहा कि धनतेरस का पर्व आरोग्यता और समृद्धि के अधिष्ठाता भगवान धन्वंतरि की आराधना का विशेष अवसर है। यह पर्व हमें स्वस्थ जीवन के महत्व का संदेश देता है। उन्होंने भगवान धन्वंतरि से प्रार्थना की कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि का संचार हो।
दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर, असत्य से सत्य की ओर तथा अधर्म से धर्म की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है। दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मकता, सद्भाव और नई ऊर्जा का संचार करने वाला महापर्व है। उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की कृपा से प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।
राज्यपाल ने गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। वहीं भैया दूज भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है, जो पारिवारिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी पर्वों को प्रेम, आपसी भाईचारे, सद्भाव, सेवा और सामाजिक समरसता के साथ मनाएं। साथ ही इन त्योहारों के मूल संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए प्रदेश और राष्ट्र की उन्नति, एकता एवं समृद्धि में सक्रिय योगदान दें।





