उत्तराखण्ड
मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात, भीमताल विधानसभा में आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग

देहरादून। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र में हाल में हुई भारी बारिश से हुए व्यापक नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए आपदा मद से आवश्यक धनराशि शीघ्र स्वीकृत करने की मांग की।
मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री को बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल विकासखंडों में भारी वर्षा के कारण व्यापक स्तर पर नुकसान हुआ है। कई ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि मकानों के आगे और पीछे भूस्खलन होने से कई भवनों पर खतरा बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि आपदा के कारण कई क्षेत्रों में पेयजल लाइनें और विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। वहीं, नदियों के तेज बहाव और कटाव के चलते किसानों की कृषि भूमि भी बह गई है। क्षेत्र की कई मोटर सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री को बताया कि भीमताल-खुटानी नाले में भारी पानी और मलबा आने से भीमताल क्षेत्र की कई दुकानों में पानी एवं मलबा भर गया, जिससे व्यापारियों और स्थानीय ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि आपदा के दौरान भीमताल क्षेत्र में दो लोगों की मृत्यु हुई है। मंत्री ने प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का शीघ्र स्थलीय आकलन कराने, प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के लिए आपदा मद से आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुंचाना और क्षतिग्रस्त बुनियादी सुविधाओं को शीघ्र बहाल करना बेहद जरूरी है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य हो सके।

















