Connect with us

उत्तराखण्ड

भगत सिंह के विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान, शहीद ऊधम सिंह पार्क में मनाया जन्म दिवस

कालाढूंगी। क्रांतिकारी किसान मंच के आह्वान पर सोमवार को शहीद-ए-आजम भगत सिंह का जन्म दिवस शहीद ऊधम सिंह पार्क, कालाढूंगी में विचार गोष्ठी के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद “ये भगत सिंह, तू जिंदा है” गीत के माध्यम से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।

विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के मुकेश भंडारी ने कहा कि भगत सिंह को याद करने का अर्थ उनके विचारों और उनके सपनों को समझना है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए शहीद हुए क्रांतिकारियों ने जिस भारत का सपना देखा था, वह अभी पूरी तरह साकार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आज सत्ता और बड़ी आर्थिक शक्तियों के संबंधों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, ऐसे में शहीदों के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के हित में आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

अंबेडकर एकता फाउंडेशन के मदनचंद ने कहा कि आजादी के संघर्ष के दौरान देशवासियों ने जाति और धर्म के भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होकर स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को जाति, धर्म और क्षेत्र के आधार पर बांटने वाली प्रवृत्तियों के बीच शहीदों के विचारों को याद करते हुए सामाजिक एकता को मजबूत करने की जरूरत है।

परिवर्तनकामी छात्र संगठन के चंदन ने कहा कि देशभर में छात्र और नौजवान अपने अधिकारों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर छात्र-युवा संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में छात्रों और नौजवानों को भगत सिंह के विचारों और उनकी वैचारिक विरासत को समझने की आवश्यकता है।

अंतिम वक्ता के रूप में मोहन मटियाली ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करना चाहिए। उन्होंने मजदूरों, किसानों, छात्रों और नौजवानों की एकजुटता को जरूरी बताते हुए कहा कि अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन क्रांतिकारी किसान मंच के संयोजक आनंद पांडे ने किया। इस अवसर पर प्रगतिशील भोजनमाता संगठन की चंपा नेगी सहित शेखरचंद्र, सलमान वारसी, बलविंदर शर्मा, भुवन कोहली, मदन चंद्र, चंदन पांडे, मुकेश भंडारी, बलविंदर कंबोज, चंदन, गगनदीप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page