उत्तराखण्ड
दीपावली पर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान, सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने जनपदवासियों से की अपील

नैनीताल। दीपावली के पावन पर्व को सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने जनपदवासियों से स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों, रोशनी और आपसी सौहार्द का त्योहार है। ऐसे में त्योहार का उत्साह बनाए रखने के साथ-साथ स्वयं और अपने परिवार की सेहत एवं सुरक्षा का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है।
डॉ. पंत ने आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि बच्चों को कभी भी अकेले पटाखे न जलाने दें। पटाखे जलाते समय पानी की बाल्टी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था जरूर रखें। घरों, वाहनों और ज्वलनशील पदार्थों के आसपास आतिशबाजी करने से बचें। पटाखे जलाते समय सूती एवं सुरक्षित कपड़े पहनें और आंखों तथा हाथों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने कहा कि पटाखों से निकलने वाला धुआं और तेज आवाज सांस के मरीजों, बुजुर्गों, छोटे बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। अस्थमा, हृदय रोग और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने यथासंभव ग्रीन पटाखों का प्रयोग करने और अनावश्यक आतिशबाजी से बचने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने त्योहार के दौरान खानपान में भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने मिलावटी मिठाइयों और खुले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने, स्वच्छ एवं ताजा भोजन करने तथा अत्यधिक तैलीय और मीठे खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखने की सलाह दी। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता और घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया।
डॉ. पंत ने पटाखों से जलने की स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार देने की सलाह देते हुए कहा कि प्रभावित हिस्से को लगभग 20 मिनट तक सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे रखें। जले हुए स्थान पर घी, तेल, टूथपेस्ट अथवा अन्य घरेलू पदार्थों का इस्तेमाल न करें। गंभीर स्थिति में तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में संपर्क करें।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि दीपावली को पर्यावरण अनुकूल, प्रदूषण मुक्त और सुरक्षित तरीके से मनाएं। त्योहार की खुशियों में किसी की सेहत और सुरक्षा से समझौता न होने दें।
अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने समस्त जनपदवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के स्वस्थ, सुरक्षित एवं मंगलमय जीवन की कामना की।





