Connect with us

उत्तराखण्ड

दीपावली पर नैनीताल पुलिस अलर्ट, बैंक और सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा होगी चाक-चौबंद

 

एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह ने बैंक प्रबंधकों और सर्राफा कारोबारियों के साथ की बैठक, सीसीटीवी, सुरक्षा गार्ड और संदिग्ध लेन-देन पर निगरानी के दिए निर्देश

हल्द्वानी। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी शुरू कर दी है। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़, नकदी के लेन-देन और आभूषणों की खरीदारी को देखते हुए पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर बुधवार को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में बैंक एवं सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।

एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रबंधकों और सर्राफा कारोबारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, लूट, टप्पेबाजी, धोखाधड़ी अथवा संदिग्ध लेन-देन को रोकने के लिए पुलिस और संबंधित प्रतिष्ठानों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

बैठक में बैंकों को संदिग्ध बैंक खातों और म्यूल अकाउंट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। खाता खोलते समय खाताधारकों के पते और दस्तावेजों का उचित सत्यापन करने के साथ ही संदिग्ध लेन-देन की पहचान के लिए प्रभावी अलर्ट सिस्टम विकसित करने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए कि म्यूल खातों के माध्यम से होने वाले संदिग्ध धन हस्तांतरण को रोकने के लिए बैंक प्रबंधन तत्काल आवश्यक कदम उठाएं।

बड़ी धनराशि निकालने वाले ग्राहकों को करें जागरूक

एसपी हल्द्वानी ने बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि बैंक से बड़ी धनराशि निकालने वाले ग्राहकों को विशेष सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाए। उन्हें अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने, किसी के बहकावे में नहीं आने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा पीछा किए जाने अथवा असामान्य गतिविधि महसूस होने पर तत्काल डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना देने की सलाह दी जाए।

सीसीटीवी और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था अनिवार्य

बैंक एवं एटीएम की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को हर समय क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। बैंक परिसर के साथ-साथ बाहरी क्षेत्र में भी सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने तथा एटीएम के बाहर कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा सभी बैंकों में सुरक्षा गार्डों की तैनाती और उनका अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए।

सर्राफा कारोबारियों को भी सतर्क रहने की सलाह

त्योहारी सीजन में सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी बढ़ने के मद्देनजर सर्राफा व्यवसायियों को भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। दुकानों में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं उनकी गतिविधियों पर नजर रखने, ग्राहकों को सुरक्षा संबंधी सावधानियों से अवगत कराने तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए। वहीं, बैंकों में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों को भी बैंक कर्मचारियों के माध्यम से आवश्यक सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

पटेल चौक और सदर बाजार में बढ़ेगी पुलिस गश्त

पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसरों में अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं आवश्यक चेकिंग करने के निर्देश दिए। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैंकों और सर्राफा बाजारों में नियमित पुलिस गश्त करने को कहा गया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी को विशेष रूप से पटेल चौक, सदर बाजार सहित अन्य प्रमुख बाजारों में गश्त बढ़ाने तथा फड़-ठेली लगाने वाले लोगों का समय-समय पर सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनपद के सभी संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में बैंक प्रबंधकों और सर्राफा कारोबारियों के साथ बैठकें आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पूरे जनपद में दीपावली के दौरान कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा दिनेश फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मुखानी सुशील जोशी सहित विभिन्न बैंकों के प्रबंधक एवं सर्राफा व्यवसायी मौजूद रहे।

नैनीताल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में पुलिस का सहयोग करें। बैंक या एटीएम से बड़ी धनराशि निकालते समय सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 पर दें।,

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page