उत्तराखण्ड
त्योहारी सीजन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो दर्जन से अधिक वाहनों की जांच




रामनगर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आम जनता को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को हल्दुआ फॉरेस्ट चेकपोस्ट पर सघन जांच अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी के निर्देशों और उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान के दिशा-निर्देशन में सुबह पांच बजे से शुरू हुए इस अभियान के दौरान जनपद में प्रवेश करने वाले दो दर्जन से अधिक वाहनों का निरीक्षण किया गया।
जांच अभियान में दूध, पनीर, खोया, दही और किराना सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों को लेकर आने वाले वाहनों की सघनता से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर तीन वाहनों से दूध, पनीर और दही के कुल पांच खाद्य नमूने लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान एक वाहन में करीब 60 किलोग्राम पनीर और क्रीम पाया गया। अधिकारियों ने मौके पर ही पनीर का प्राथमिक परीक्षण किया, जिसमें उसकी गुणवत्ता सही पाई गई। हालांकि, विस्तृत गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के लिए उक्त वाहन से पनीर का नमूना भी लिया गया। वहीं अन्य दो वाहनों से दूध, दही और पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुग्ध कारोबारियों को खाद्य पदार्थों का उचित तरीके से भंडारण करने तथा गुणवत्तायुक्त पनीर, दूध और अन्य दुग्ध उत्पादों का ही विक्रय करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन में लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है। खाद्य व्यापारियों और आमजन को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ ही कारोबारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
उन्होंने खाद्य कारोबारियों से प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं करने, पैक्ड खाद्य सामग्री पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और बैच नंबर स्पष्ट रूप से अंकित रखने की अपील की। इसके अलावा सभी प्रतिष्ठानों में रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, ग्राहकों को बिल या कैश मेमो देने तथा प्रतिष्ठान में एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस अथवा पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खराब एवं कालातीत खाद्य सामग्री का विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को चेतावनी दी कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित करें। आमजन से भी अपील की गई कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग और एक्सपायरी डेट की जांच अवश्य करें।
कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





