Connect with us

उत्तराखण्ड

छह माह से बजट मिलने के बावजूद नहीं बनीं सड़कें, पार्षद प्रीति आर्या ने किया लोनिवि कार्यालय का घेराव

 

दीपावली के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने का अधिशासी अभियंता ने दिया आश्वासन, मांग पूरी नहीं होने पर तालाबंदी की चेतावनी

हल्द्वानी। राजेन्द्र नगर वार्ड संख्या-12 में बदहाल सड़कों की समस्या और निर्माण कार्य में हो रही अनावश्यक देरी को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। करीब छह माह पूर्व सड़क निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराए जाने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं होने से नाराज पार्षद प्रीति आर्या ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों और समर्थकों के साथ लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता का घेराव कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़कों का निर्माण शुरू नहीं किया गया तो विभागीय कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।

घेराव के दौरान पार्षद प्रीति आर्या ने कहा कि राजेन्द्र नगर वार्ड की गली नंबर-1 और गली नंबर-2 की सड़कों के निर्माण के लिए लगभग छह माह पहले ही धनराशि लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या से जूझ रही है। जगह-जगह गड्ढे होने और सड़कों की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, धूल-मिट्टी के कारण स्थानीय निवासियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि जब सड़क निर्माण के लिए बजट उपलब्ध है तो फिर कार्य शुरू करने में देरी का कोई औचित्य नहीं है। विभाग को जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराना चाहिए।

इस दौरान युवा नेता हेमन्त साहू ने भी विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण केवल ऊपरी सतह पर मरम्मत करके नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि पुरानी सड़क को पूरी तरह खोदकर निर्धारित मानकों और बेहतर गुणवत्ता के साथ नया निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें मजबूत और टिकाऊ बननी चाहिए, ताकि कुछ समय बाद दोबारा मरम्मत की नौबत न आए और सरकारी धन का भी सही उपयोग हो सके।

वहीं, घेराव के दौरान अधिशासी अभियंता ने विभागीय पक्ष रखते हुए बताया कि बरसात के मौसम और एक टेंडर प्रक्रिया निरस्त होने के कारण निर्माण कार्य में देरी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दीपावली के तुरंत बाद दोनों सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। अधिशासी अभियंता के आश्वासन के बाद फिलहाल मामला शांत हुआ, लेकिन पार्षद और स्थानीय लोगों ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा विभागीय कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। घेराव के दौरान पूर्व पार्षद राजेन्द्र बिष्ट, दीपा खत्री, नवल आर्या, इशाक खान, साहिल राज, बबीता देवी सहित क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page