Connect with us

उत्तराखण्ड

कैप्टन आशीष साह टेनिस टूर्नामेंट का भव्य समापन, विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने जीती ट्रॉफियां

कुमाऊँ कप में नैनीताल, रुद्रपुर और रानीखेत के खिलाड़ियों का रहा शानदार प्रदर्शन; एसडीएम धारी अनुराग आर्या ने किया पुरस्कार वितरण

नैनीताल, 01 नवंबर। नैनीताल के प्रतिष्ठित न्यू क्लब स्थित ग्रेविल कोर्ट में आयोजित कैप्टन आशीष साह टेनिस टूर्नामेंट–2026 (कुमाऊँ कप) का रविवार को भव्य समापन हो गया। प्रतियोगिता के तीसरे एवं अंतिम दिन विभिन्न आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में नैनीताल, रुद्रपुर, रानीखेत एवं रामनगर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

अंतिम दिन खेले गए मुकाबलों में बिगिनर्स डबल्स वर्ग में कृतिका और सिकंदर अली की जोड़ी ने कुंदन बिष्ट एवं दिग्विजय साह (दोनों नैनीताल) को 6-4 से हराकर खिताब अपने नाम किया। बिगिनर्स सिंगल्स वर्ग में सिकंदर अली ने कुंदन बिष्ट को 6-0 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

30-50 वर्ष आयु वर्ग के सिंगल्स मुकाबले में नैनीताल के अमर जगाती ने आदित्य चौबे को 6-1 से हराकर खिताब जीता। इसी आयु वर्ग के डबल्स मुकाबले में रुद्रपुर के आशिम बेग एवं राजेश कुमार की जोड़ी ने नैनीताल के अमर जगाती एवं शिवेश्वर सिंह को 7-5 से पराजित किया।

50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सिंगल्स मुकाबले में रुद्रपुर के राजेश कुमार ने नैनीताल के अमित जोशी को 6-4 से हराकर फाइनल अपने नाम किया। वहीं, इसी आयु वर्ग के डबल्स मुकाबले में नैनीताल के अमित जोशी एवं मानवेंद्र हरबोला की जोड़ी ने ललित मोहन जोशी एवं नमित तिवारी को 6-3 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

इससे पूर्व शनिवार की शाम एवं रात्रि में भी कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। 30-50 वर्ष आयु वर्ग के डबल्स मुकाबले में नैनीताल के मानवेंद्र हरबोला एवं वीरेन्द्र साह की जोड़ी ने रानीखेत के गौरव पांडेय एवं विनोद खुल्वे को 6-0 से हराया। इसी आयु वर्ग के सिंगल्स में रुद्रपुर के गुरपिंदर सिंह ने विनोद खुल्वे को 6-3 से पराजित किया।

एक अन्य डबल्स मुकाबले में रानीखेत के सुमित गोयल एवं नैनीताल के मोहित जगाती ने नैनीताल के रवि तेजा एवं आदित्य चौबे की जोड़ी को 6-2 से हराया। रानीखेत के गुरांग एवं चिराग मेहरा ने रामनगर के नमित तिवारी एवं मोहित सिंह राठौर को 6-3 से पराजित किया। सिंगल्स मुकाबले में रानीखेत के गौरव पांडेय ने नैनीताल के मोहित जगाती को 7-5 से हराया।

एक अन्य डबल्स मुकाबले में अजय एलहेंस एवं पूरन बिष्ट की जोड़ी ने रानीखेत के सुमित गोयल एवं नैनीताल के मोहित जगाती को 6-1 से पराजित किया। रामनगर के मोहित सिंह राठौर ने नैनीताल के रवि तेजा को 6-3 से हराया। 50-60 वर्ष आयु वर्ग के सिंगल्स मुकाबले में रुद्रपुर के राजेश कुमार ने रामनगर के कमल सती को 6-2 से पराजित किया। वहीं, एक अन्य सिंगल्स मुकाबले में रानीखेत के सुमित गोयल ने नैनीताल के राजेंद्र सिंह अधिकारी को 6-1 से हराया। रात्रि के अंतिम मुकाबले में रुद्रपुर के गुरपिंदर सिंह एवं उत्कर्ष अग्रवाल की जोड़ी ने राघवेन्द्र साह एवं ललित मोहन जोशी को 6-4 से पराजित किया।

दूधिया रोशनी में हुआ पुरस्कार वितरण समारोह

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर दूधिया रोशनी से जगमगाते ग्रेविल कोर्ट में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि एसडीएम धारी अनुराग आर्या तथा विशिष्ट अतिथि जयंतिका दवे एवं उत्तराखंड प्रदेश टेनिस एसोसिएशन, देहरादून के सचिव सुमित गोयल ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।

प्रतियोगिता सचिव अमर जगाती ने आयोजन की सफलता पर सभी प्रतिभागियों, स्थानीय दर्शकों, पत्रकार बंधुओं तथा आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर कैप्टन आशीष साह की पौत्री एवं कर्नल भास्कर साह की पुत्री सरन्या साह भी उपस्थित रहीं।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर उत्तराखंड प्रदेश टेनिस एसोसिएशन, देहरादून के संरक्षक प्रदीप वालिया एवं अध्यक्ष अशोक कुमार (आईपीएस) ने भी आयोजकों को बधाई दी। डिस्ट्रिक्ट टेनिस एसोसिएशन, नैनीताल के अध्यक्ष डॉ. समीर वर्मा, सचिव हेम कुमार पांडेय, कोषाध्यक्ष रजत कुमार सती, उपाध्यक्ष विवेक अग्रवाल एवं ललित मोहन जोशी, संयुक्त सचिव हर्ष गोयल, उपसचिव अमर जगाती तथा विशिष्ट सदस्य हिमांशु कुमार ने टूर्नामेंट सचिव अमर जगाती, समन्वयक वीरेन्द्र साह, न्यू क्लब के सचिव रितेश साह एवं उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में उपयोग की गई टेनिस गेंदें उत्तराखंड टेनिस एसोसिएशन, देहरादून द्वारा उपलब्ध कराई गई थीं।

पुरस्कार वितरण समारोह में बीएआरसी के वैज्ञानिक योगेश शाह, वैज्ञानिक श्याम सिंह फरत्याल (सेवानिवृत्त), डीएसए नैनीताल के पूर्व अध्यक्ष अजय साह, कमलेश तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में प्रतियोगिता सचिव अमर जगाती एवं प्रतियोगिता समन्वयक वीरेन्द्र साह ने उपस्थित अतिथियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page