उत्तराखण्ड
उत्तराखंड के मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने हैदराबाद में INCOIS का किया दौरा, सुनामी चेतावनी प्रणाली और महासागर निगरानी तकनीक की ली जानकारी



पीआईबी देहरादून के नेतृत्व में 15 सदस्यीय मीडिया दल 31 अगस्त से 4 सितंबर तक हैदराबाद प्रेस दौरे पर
देहरादून, 1 सितंबर 2026। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून द्वारा आयोजित हैदराबाद प्रेस दौरे के तहत उत्तराखंड का 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक अध्ययन दौरे पर है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक श्री संजीव सुंद्रियाल कर रहे हैं। दौरे का उद्देश्य पत्रकारों को तेलंगाना में केंद्र सरकार की प्रमुख विकास गतिविधियों, योजनाओं और पहलों की प्रत्यक्ष जानकारी उपलब्ध कराना है।
अध्ययन दौरे के पहले दिन मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने पीआईबी हैदराबाद का दौरा किया। इस दौरान अपर महानिदेशक, पीआईबी हैदराबाद श्रीमती श्रुति पाटिल, संयुक्त निदेशक डॉ. मानस कृष्णकांत सहित अन्य अधिकारियों के साथ प्रतिनिधिमंडल ने संवाद किया।
श्रीमती श्रुति पाटिल ने पत्रकारों को तेलंगाना के बदलते मीडिया परिदृश्य तथा केंद्र सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और प्रमुख पहलों के प्रचार-प्रसार में पीआईबी एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) की भूमिका और विभिन्न संचार एवं आउटरीच कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने विकासोन्मुख पत्रकारिता को बढ़ावा देने में प्रेस दौरों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए पत्रकारों से अपने अनुभवों को उत्तराखंड की जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
INCOIS में समझी महासागर निगरानी और सुनामी चेतावनी प्रणाली
मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन कार्यरत भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) का भी दौरा किया। यहां विशेषज्ञों ने पत्रकारों को भारत की महासागर निगरानी क्षमता, सुनामी चेतावनी प्रणाली, समुद्री पूर्वानुमान तथा विभिन्न प्रकार के आपदा अलर्ट जारी करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि समुद्र से जुड़ी आपदाओं की समय रहते पहचान और चेतावनी जारी करने के लिए आधुनिक वैज्ञानिक प्रणालियों का उपयोग किया जाता है। पत्रकारों ने केंद्र की कार्यप्रणाली और आपदा प्रबंधन में इसकी भूमिका को करीब से समझा।
NIN और ESIC अस्पताल का भी होगा दौरा
अध्ययन दौरे के आगामी दिनों में मीडिया प्रतिनिधिमंडल भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले ईएसआईसी अस्पताल का दौरा करेगा। इन संस्थानों के भ्रमण के दौरान पत्रकारों को पोषण अनुसंधान, सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी पहलों तथा कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त होगी।
हैण्डलूम प्रदर्शनी में देखे देशभर के हस्तशिल्प उत्पाद
प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत हैदराबाद में आयोजित हैण्डलूम प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों के शिल्पियों, बुनकरों और कलाकारों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। पत्रकारों ने प्रदर्शनी में देश की विविध कला एवं शिल्प परंपराओं को करीब से देखा। प्रदर्शनी में लोगों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली।
हैदराबाद की ऐतिहासिक विरासत से भी होंगे रूबरू
अध्ययन यात्रा के सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधिमंडल सालार जंग संग्रहालय, चारमीनार और लाड बाजार का भ्रमण करेगा। इन स्थलों के माध्यम से पत्रकारों को हैदराबाद की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
यह अध्ययन यात्रा पत्रकारों को तेलंगाना में केंद्र सरकार की विकासपरक पहलों और विभिन्न संस्थानों की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ-साथ हैदराबाद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर प्रदान कर रही है। दौरे से प्राप्त अनुभवों और जानकारी को पत्रकार उत्तराखंड के पाठकों एवं दर्शकों तक पहुंचाएंगे।

















