उत्तराखण्ड
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने रचा ऐतिहासिक कीर्तिमान परीक्षा सम्पन्न होने के मात्र 20दिनों में 289, परीक्षकों ने पूरा किया केंद्रीय मूल्यांकन
पवनीत सिंह बिंद्रा
हल्द्वानी, 30 अप्रैल 2026: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी ने दिसम्बर‑2025 सत्र की परीक्षा के परिणाम घोषित कर अपने इतिहास में एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को सम्पन्न होने के मात्र 20 दिनों के भीतर 30 अप्रैल 2026 तक सभी परीक्षा परिणाम शत‑प्रतिशत रूप से पोषित कर घोषित कर दिए, जो विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार इतनी कम अवधि में पूर्ण परीक्षा परिणाम घोषणा है।
अपने एक प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर वरिष्ठ शिक्षकों की एक विशेष टीम गठित की गई थी, जिसके तहत कुल 289 आंतरिक एवं बाह्य परीक्षकों ने मात्र 20 दिनों में 323 परीक्षा‑पत्रों का विकेन्द्रीय रूप से पूर्ण मूल्यांकन किया। उन्होंने कहा कि समयबद्ध मूल्यांकन, डिजिटल समन्वय और परीक्षकों पर निरंतर निगरानी के कारण यह उपलब्धि सम्भव हुई है, जिससे हजारों शिक्षार्थियों को प्रवेश, रोजगार और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में समय पर लाभ मिलेगा।
कुलपति ने आगे बताया कि विश्वविद्यालय ने शिक्षार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रभावी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए हल्द्वानी‑16000 स्थित आदर्श अध्ययन केंद्र पर विशेष ऑफलाइन परामर्श सत्र शनिवार एवं रविवार को चलाए हैं, जिनमें अब तक 1100 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। जनवरी‑2026 सत्र में ये सत्र 18 अप्रैल 2026 से पुनः प्रारंभ किए गए हैं, जहाँ विषय विशेषज्ञ छात्रों को नियमित शैक्षणिक मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
इसी केंद्र पर नव‑प्रवेशित छात्रों के लिए आयोजित ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रमों में भी विशाल सहभागिता देखी गई; 17 अप्रैल 2026 को आयोजित पहले कार्यक्रम में 175 और 26 अप्रैल 2026 को आयोजित दूसरे कार्यक्रम में लगभग 120 छात्रों ने बाहरी अध्ययन केंद्रों से भी ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से भाग लिया। उन्होंने बताया कि ये कार्यक्रम उत्तराखंड भर के विभिन्न अध्ययन केंद्रों पर लगातार जारी रहेंगे, जिससे नव‑प्रवेशित छात्रों को विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली, असाइनमेंट, प्रायोगिक कार्यशालाएँ और अध्ययन सामग्री से समुचित अवगति मिल सके।
विश्वविद्यालय ने शिक्षार्थियों के हित में निशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम भी लगातार चलाया है, जिसके अंतर्गत दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों के हजारों छात्रों को समय पर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों में 15 नितांत अस्थायी शिक्षकों की नियुक्ति भी की गई है, साथ ही 09 प्रोफेसर, 02 एसोसिएट प्रोफेसर और 12 असिस्टेंट प्रोफेसर के स्थायी पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
- प्रो. लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय को छात्रों और अभिभावकों से अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और भविष्य में भी शिक्षार्थियों के हित में नवाचारपूर्ण और गुणवत्तापूर्ण कार्यक्रम लगातार संचालित किए जाएँगे। उन्होंने इसे उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समयबद्ध परीक्षा प्रणाली, पारदर्शी प्रशासन और शिक्षार्थी‑अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दृढ़ प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण बताया। प्रो. राकेश चन्द्र रयाल मीडिया प्रभारी उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी



