Connect with us

उत्तराखण्ड

हल्दुचौड़ और कोटाबाग सीएचसी में नियमित अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू, गर्भवती महिलाओं को मिलेगा लाभ

 

नैनीताल,,,,,29 जुलाई 2026। जनपद नैनीताल में गर्भवती महिलाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर अब प्रत्येक बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हल्दुचौड़ तथा प्रत्येक शुक्रवार को सीएचसी कोटाबाग में नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस व्यवस्था के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, जिससे गर्भवती महिलाओं सहित अन्य पात्र मरीजों को निर्धारित दिवस पर स्थानीय स्तर पर अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा मिल सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच समय पर सुनिश्चित कर सुरक्षित मातृत्व और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना है। अल्ट्रासाउंड जांच के माध्यम से गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा सकेगा।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि गर्भवती महिलाएं निर्धारित दिवस पर इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सुविधा केवल गर्भवती महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार अन्य मरीज भी निर्धारित दिनों में अल्ट्रासाउंड जांच करा सकते हैं।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि हल्दुचौड़ और कोटाबाग में नियमित अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, अनावश्यक भागदौड़ कम होगी तथा समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित होने से सुरक्षित मातृत्व को और अधिक मजबूती मिलेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page