उत्तराखण्ड
हिंदी पत्रकारिता दिवस पर रामनगर टैक्स बार ने पत्रकारों को दी शुभकामनाएं

डॉ. पूरन चंद्र पांडे ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हिंदी पत्रकारिता ने समाज को जागरूक करने, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1826 में पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा प्रथम हिंदी समाचार पत्र ‘उदन्त मार्तण्ड’ का प्रकाशन प्रारंभ किया गया था। इस ऐतिहासिक उपलब्धि की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है।
उपसचिव डॉ. मनु अग्रवाल ने सभी पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने पत्रकारों से सत्य एवं तथ्यपरक समाचारों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारिता की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और जनजागरण का प्रभावी साधन भी है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. पूरन चंद्र पांडे एवं डॉ. मनु अग्रवाल का पत्रकारिता क्षेत्र से भी गहरा जुड़ाव रहा है। दोनों अधिवक्ताओं ने पत्रकारिता में परास्नातक की डिग्री प्राप्त की है। वहीं डॉ. पूरन चंद्र पांडे का नाम समाचार पत्रों में सर्वाधिक समाचार एवं लेख प्रेषित करने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है।
इस अवसर पर रामनगर टैक्स बार के सदस्यों ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास को स्मरण करते हुए पत्रकारों के योगदान की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
