Connect with us

उत्तराखण्ड

NSTI हल्द्वानी में प्लेसमेंट ड्राइव एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को दिए रोजगार के टिप्स

 

। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने एवं उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से BDS Recruitment Pvt. Ltd. द्वारा 21 मई 2026 को NSTI कॉलेज, हल्द्वानी में प्लेसमेंट ड्राइव एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इलेक्ट्रिकल ट्रेड के लगभग 40 से 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध रोजगार अवसरों, भर्ती प्रक्रिया, इंटरव्यू की तैयारी, व्यक्तित्व विकास तथा करियर निर्माण से संबंधित आवश्यक जानकारियां दी गईं। विशेषज्ञों ने छात्रों को बताया कि वर्तमान समय में तकनीकी कौशल के साथ-साथ संवाद क्षमता, आत्मविश्वास और व्यवहारिक ज्ञान भी रोजगार प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

BDS Recruitment Pvt. Ltd. की टीम ने विद्यार्थियों को इंटरव्यू के दौरान पूछे जाने वाले सामान्य प्रश्नों, रिज्यूमे तैयार करने के सही तरीके तथा कार्यस्थल पर अनुशासन एवं पेशेवर व्यवहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने करियर और रोजगार संबंधी सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।

इस आयोजन को सफल बनाने में BDS प्रबंधन टीम के हरप्रीत सिंह (निदेशक), गायत्री कांडपाल (व्यवसाय प्रमुख), पूनम कोली (भर्ती प्रमुख) तथा गुरदीप सिंह (क्षेत्र समन्वयक) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने विद्यार्थियों को निजी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं एवं बदलती औद्योगिक जरूरतों के बारे में भी जागरूक किया।

वहीं NSTI प्रबंधन की ओर से भगत सिंह (सहायक निदेशक), टी.एन. रुद्रा (सहायक निदेशक एवं प्रशिक्षण प्रभारी) तथा प्रशिक्षण अधिकारी एम.एल. राय ने कार्यक्रम के सफल संचालन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं और इससे युवाओं को रोजगार के प्रति सकारात्मक दिशा मिलती है।

कार्यक्रम के अंत में BDS Recruitment Pvt. Ltd. के निदेशक हरप्रीत सिंह ने कहा कि संस्था भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए समय-समय पर जॉब सपोर्ट, करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करती रहेगी, ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिल सके

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page