Connect with us

उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में अधूरे सड़क खुदान पर शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा सख्त, कहा— पहले पुरानी खुदाई पूरी करें, फिर नई सड़क खोदें

 

को

, 7 जुलाई 2026। मानसून के मद्देनजर हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जिन विभागों ने पेयजल, सीवर, विद्युत, गैस पाइपलाइन, ऑप्टिकल फाइबर या अन्य कार्यों के लिए सड़कें खोदी हैं, वे उन्हें तत्काल पूर्ववत स्थिति में लाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पहले पुरानी खुदाई का कार्य पूरा किया जाए, उसके बाद ही नई सड़कें खोदी जाएं।

काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने मानसून के दौरान जलभराव, कीचड़ और यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध और समन्वित तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक सप्ताह कार्यों की प्रगति रिपोर्ट नगर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने और नगर आयुक्त को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दी।

बैठक में मंत्री ने कहा कि हल्द्वानी का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट का हिस्सा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हल्द्वानी के समग्र विकास के लिए 2200 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित हल्द्वानी उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों के लिए एक आदर्श शहर के रूप में नई पहचान बनाएगा।

मानसून से पहले विशेष तैयारियों पर जोर

मंत्री ने सभी विभागों को नालों की सफाई, डिसिल्टिंग और अवरोध हटाने का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या न हो। निचले इलाकों में पंपिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, वैकल्पिक मार्ग चिन्हित करने, क्षतिग्रस्त सड़कों का पैचवर्क, इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं नाली निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। इसके अलावा फुटपाथ और सड़कों पर अवैध अतिक्रमण हटाने तथा वेंडिंग जोन निर्धारित करने के निर्देश भी दिए।

एडीबी परियोजनाओं का किया निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद शहरी विकास मंत्री ने देर शाम एडीबी के तहत चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। काठगोदाम स्थित कालटेक्स क्षेत्र में सीवरेज, नहर, सड़क और गैस पाइपलाइन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को कालटेक्स के निकट सड़क पर बने गड्ढे को तत्काल भरकर सड़क को पूर्ववत करने के आदेश दिए।

इसके अलावा जमरानी बांध परियोजना से जुड़ी नहर की सुरक्षा को देखते हुए उसकी कवरिंग के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। सड़क किनारे चल रहे निर्माण कार्यों वाले सभी स्थानों पर सुरक्षा घेराबंदी और पर्याप्त संख्या में चेतावनी संकेतक (साइनेज) लगाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एडीबी मैनेजर कुलदीप, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पेयजल निगम, विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page