उत्तराखण्ड
मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने और वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने के निर्देश

देहरादून। सचिवालय में आयोजित राज्य वन्यजीव बोर्ड एवं राज्य स्तरीय बाघ संचालन समिति की बैठक में अधिकारियों को मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं की प्रभावी रोकथाम तथा वन्यजीव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आगामी हरिद्वार कुंभ को ध्यान में रखते हुए मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) की तैनाती सुनिश्चित करने, वन्यजीव गलियारों के संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा स्थानीय लोगों की आजीविका के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही वन्यजीव संघर्ष के दौरान दूसरों की जान बचाने वाले साहसी नागरिकों को राज्य स्तर पर सम्मानित किए जाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में अधिकारियों को बाघ संरक्षण के लिए कैमरा ट्रैप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित निगरानी प्रणाली तथा वैज्ञानिक प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं विकास तथा वन्यजीवों के लिए चारागाहों के विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक दीवान सिंह बिष्ट तथा दायित्वधारी गीताराम गौड़ उपस्थित रहे।


