उत्तराखण्ड
बाल श्रम उन्मूलन के लिए समीक्षा बैठक, समन्वय और विशेष अभियान चलाने के निर्देश

हल्द्वानी। कार्यालय उप श्रम आयुक्त हल्द्वानी के सभागार में मंगलवार को माननीय सदस्य, उत्तराखण्ड बाल अधिकार संरक्षण आयोग योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रम विभाग, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, चाईल्ड लाईन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा धरोहर संस्था के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में मा० सदस्य ने बाल श्रम उन्मूलन के प्रयासों को और अधिक तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चिन्हीकरण, रेस्क्यू, पुनर्वास सहित सभी गतिविधियों को कुशलता के साथ संपादित करने पर बल दिया।
उन्होंने विशेष रूप से कूड़ा बीनने वाले, गुब्बारे-पेन आदि बेचने वाले तथा भिक्षा मांगने वाले बच्चों पर ध्यान देने और उन्हें बाल श्रम से मुक्त कर मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास करने को कहा। साथ ही, अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रोस्टर बनाकर विशेष अभियान चलाने तथा प्रचार-प्रसार के माध्यम से अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, जनपद के अन्य क्षेत्रों में बाल श्रम उन्मूलन की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे लोगों को जिला टास्क फोर्स के साथ जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उप श्रम आयुक्त हल्द्वानी कमल जोशी, सहायक श्रम आयुक्त हल्द्वानी आशा पुरोहित, श्रम प्रवर्तन अधिकारी संजीव कण्डारी, दिनेश कटियार, राबिया परबीन, किरन पंत, उमा भण्डारी, प्रकाश चन्द पाण्डे, प्रहलाद सिंह, महेश सिंह सयाना, शारदा गोस्वामी और गणेश बिष्ट उपस्थित रहे।

