Connect with us

उत्तराखण्ड

विश्व जनसंख्या दिवस पर नैनीताल में परिवार कल्याण सप्ताह का शुभारंभ, 13 जुलाई को रामनगर में लगेगा विशेष स्वास्थ्य शिविर

 

रामनगर,,11 जुलाई। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनपद नैनीताल में परिवार कल्याण सप्ताह का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देशानुसार संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा ने किया। इस दौरान परिवार नियोजन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक पात्र दंपत्तियों तक परिवार कल्याण सेवाएं पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा ने कहा कि 11 से 18 जुलाई 2026 तक मनाए जा रहे विश्व जनसंख्या सप्ताह के दौरान जनपद के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार कल्याण सेवाएं प्रभावी रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन अपनाने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के साथ स्वस्थ और समृद्ध समाज की स्थापना संभव है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि जनपद में परिवार नियोजन सप्ताह के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बी.डी. पांडे चिकित्सालय नैनीताल, महिला चिकित्सालय हल्द्वानी, संयुक्त चिकित्सालय रामनगर सहित चिन्हित स्वास्थ्य इकाइयों में महिला एवं पुरुष नसबंदी जैसी स्थायी परिवार नियोजन सेवाओं के साथ आधुनिक अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी पात्र लाभार्थियों को आवश्यक परामर्श एवं सेवाएं प्रदान करेंगे।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि छोटे, स्वस्थ और खुशहाल परिवार के निर्माण के लिए उपलब्ध परिवार नियोजन सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

इस अवसर पर जानकारी दी गई कि स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला के अंतर्गत 13 जुलाई (सोमवार) को संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। साथ ही उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुख कैंसर, अन्य कैंसर और टीबी की प्रारंभिक जांच एवं परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर में आमजन के आभा (ABHA) आईडी और आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए जाएंगे, जिससे नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

कार्यक्रम में वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.एस. बिष्ट, डॉ. दीपा आर्य, डॉ. आकांक्षा बनकोटी, डॉ. शैलजा, श्रीमती रजनीश सिंह, मीनाक्षी अधिकारी, दया कांडपाल, रेखा जोशी, पुष्पा उप्रेती, कुलदीप, सुरेश टम्टा, श्रीमती रीता सहित चिकित्सालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page