उत्तराखण्ड
चोरगलिया पीएचसी पर सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने किया स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन
, 17 अप्रैल 2026: मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) नैनीताल डॉ. एचसी पंत ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) चोरगलिया पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। शिविर में पहुंची गर्भवती महिलाओं, बच्चों और वृद्धजनों का स्वागत करते हुए सीएमओ ने कहा कि चोरगलिया पीएचसी को प्रसव केंद्र के रूप में विकसित कर दिया गया है। यहां तीन नर्सिंग अधिकारी और दो एएनएम की नियुक्ति की गई है, जिससे 24 घंटे प्रसव सेवा उपलब्ध रहेगी।
हल्द्वानी ब्लॉक में व्यापक स्वास्थ्य शिविरों की योजना
सीएमओ ने बताया कि हल्द्वानी ब्लॉक के सभी खंडों पर इसी प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच, टीबी स्क्रीनिंग, ब्लड प्रेशर, शुगर और कैंसर स्क्रीनिंग डॉक्टरों द्वारा की जाएगी। चोरगलिया पीएचसी पर 24 घंटे प्रसव सेवा शुरू होने पर जनप्रतिनिधियों ज्योति चौसाली, दीपक चौसली, पूनम जागी, गीता बुधनी, नितेश बुधनी और गजेंद्र प्रसाद ने सीएमओ का स्वागत किया।
निःशुल्क जांच, दवा वितरण और जागरूकता अभियान
शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ टीबी स्क्रीनिंग और निःशुल्क दवा वितरण किया गया। सीएमओ ने शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, चिकित्सालयों/ब्लॉक/आयुष्मान आरोग्य मंदिर/उपकेंद्रों पर गर्भवती महिलाओं को समय पर सुविधा उपलब्ध कराने, बच्चों का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना, ईजा बोई, परिवार कल्याण योजनाओं की जानकारी के साथ टीबी और एनसीडी स्क्रीनिंग को प्रोत्साहित करने की क्षेत्रीय जनता से अपील की।
कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा ने किया। शिविर में पीएचसी प्रभारी डॉ. हरीश पांडे, डॉ. त्रिलोक सिंह, डॉ. शांति चौहान, डॉ. जयमाला, डॉ. निधि, डॉ. अरविंद पाठक, नर्सिंग अधिकारी चेतना, वर्तिका पुष्पा, एएनएम रश्मि मिश्रा, ममता चुफाल, शिवानी, सीएचओ सोनू, लता, पूजा, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर बसंती, प्रताप बिष्ट, हरीश फुलेरिया, शबाना परवीन अंसारी, फार्मेसी अधिकारी दीवान बिष्ट और आईईसी अधिकारी उपस्थित रहे।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जनपद नैनीताल







