Connect with us

उत्तराखण्ड

नैनीताल में अवैध रेंटल बाइकों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 74 वाहनों के चालान

, 17 जून। माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों तथा प्रशासनिक निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग ने नैनीताल शहर में बिना वैध परमिट संचालित रेंटल बाइकों, टू-व्हीलर टैक्सियों और अन्य व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 74 वाहनों के चालान किए गए, जबकि एक वाहन को सीज भी किया गया।

जानकारी के अनुसार माननीय उच्च न्यायालय, उत्तराखंड द्वारा पारित आदेशों के साथ-साथ कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत तथा जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई। कुमाऊँ आयुक्त ने जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और संभागीय परिवहन अधिकारी को उच्च न्यायालय द्वारा गठित निगरानी समिति की संस्तुतियों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

इसी के तहत संभागीय परिवहन अधिकारी, हल्द्वानी द्वारा नैनीताल नगर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित रेंटल बाइक और अन्य व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। बुधवार को परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 68 रेंटल एवं टैक्सी बाइकों, 2 टैक्सी कारों तथा 2 अन्य वाहनों के चालान किए। इसके अलावा एक टैक्सी वाहन को सीज भी किया गया।

संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडेय ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार वर्ष 2017 के बाद नैनीताल नगर क्षेत्र में किसी भी नए व्यावसायिक दोपहिया वाहन के लिए परमिट जारी नहीं किया गया है। ऐसे में बिना वैध परमिट के संचालित हो रहे वाहनों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नैनीताल शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा न्यायालय के आदेशों का प्रभावी अनुपालन कराना है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का संचालन केवल वैध परमिट और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही करें, अन्यथा उनके विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page