उत्तराखण्ड
आदि कैलाश यात्रा 2026: 28 अप्रैल से परमिट, 1 मई से खुलेंगे शिव धाम के कपाट

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026 के लिए इनर लाइन परमिट की ऑनलाइन प्रक्रिया 28 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगी। श्रद्धालु पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे और परमिट उपजिलाधिकारी, धारचूला कार्यालय के माध्यम से जारी किए जाएंगे। साथ ही जोलिंगकोंग स्थित प्रमुख शिव मंदिर के कपाट 01 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, दूरसंचार, खाद्यान्न, शौचालय, सुरक्षा एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह को एक टीम गठित कर यात्रा शुरू होने से पहले गुंजी क्षेत्र में स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा, ताकि कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा पिथौरागढ़, धारचूला के साथ-साथ पिथौरागढ़ मुख्यालय में भी प्रतिदिन उपलब्ध रहे। उन्होंने यात्रा मार्ग पर छोटे मेडिकल कैंप लगाने, प्रमुख स्थानों पर ALS एंबुलेंस तैनात करने तथा ITBP से प्रत्येक चेकपोस्ट पर मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
सड़क एवं परिवहन व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान धारचूला से गुंजी तथा गुंजी से आदि कैलाश एवं कालापानी मार्ग की स्थिति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने BRO को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी मार्गों की कमियां दूर की जाएं। साथ ही टैक्सी, होमस्टे, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, शौचालय, साफ-सफाई एवं ठहरने की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य को इनर लाइन परमिट की दैनिक स्थिति की निगरानी करने तथा इस वर्ष आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का समुचित रिकॉर्ड रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य उपचिकित्सा अधिकारी प्रशांत कौशिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





