Uncategorized
स्व. गिरिजा शंकर जोशी का असमय निधन सभी के लिए अपूरणीय क्षति: कमलेश भट्ट


नैनीताल, 14 सितंबर 2026। जिला सूचना कार्यालय नैनीताल में सोमवार को दिवंगत जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर शोकसभा आयोजित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नगर के पत्रकारों, सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट ने कहा कि गिरिजा शंकर जोशी सदैव अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे। वह हर परिस्थिति में मजबूती के साथ खड़े रहने वाले तथा दिन-रात पूरी निष्ठा से कार्य करने वाले कर्मठ अधिकारी थे। उनका इस तरह असमय हम सभी के बीच से चले जाना बेहद पीड़ादायक और दुखद है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का निधन व्यक्तिगत रूप से भी उनके लिए गहरा आघात है। अपने कार्य, व्यवहार और सहज व्यक्तित्व से उन्होंने जो पहचान बनाई, वह लंबे समय तक लोगों के बीच स्मरणीय रहेगी। उनका योगदान और कार्यशैली हमेशा याद की जाएगी।
शोकसभा में उपस्थित पत्रकारों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव रखा कि जिला सूचना कार्यालय नैनीताल में नवनिर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल तथा कुमाऊं के मुख्य द्वार हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए। पत्रकारों ने कहा कि इससे उनके योगदान को स्थायी सम्मान मिलेगा और आने वाली पीढ़ियां भी उनके कार्यों को याद रख सकेंगी।
पत्रकारों के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री मीडिया सलाहकार कमलेश भट्ट ने कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके उल्लेखनीय कार्यों को स्थायी रूप से यादगार बनाने के लिए पत्रकारों की इन मांगों को तत्काल मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
इस अवसर पर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित लोगों ने ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोकसभा में जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम नारायण, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रेक बिष्ट, किशोर जोशी, अफजल हुसैन फौजी, रवि पांडे, दामोदर लोहनी, कमल जगाती, तेज सिंह, गौरव जोशी, सुनील बोरा, वीरेन्द्र बिष्ट, नरेश कुमार, संदीप कुमार, पंकज कुमार, नवीन तिवारी, राजू पांडे, सुरेश कांडपाल, शीतल तिवारी, गुड्डू ठठोला, तनुज पांडे, आकांक्षी, योगिता तिवारी, दीप्ति बोरा, सुमन सहित नगर के पत्रकारगण मौजूद रहे। सूचना विभाग की ओर से पवन नेगी, उमेद जीना, मोहन फुलारा, योगेश एवं हेमा उपस्थित रहे।

















