उत्तराखण्ड
बनभूलपुरा में बिजली चोरी पर विद्युत विभाग की कार्रवाई, अवैध कनेक्शनों पर शिकंजा
हल्द्वानी, 12 अक्टूबर। ऊर्जा निगम ने सोमवार तड़के सुबह पांच बजे बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई में सात टीमों ने किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर सहित चिह्नित इलाकों में बिजली कनेक्शनों की जांच की। ऊर्जा निगम के अनुसार, अभियान के दौरान 108 स्थानों पर बिजली चोरी के मामले सामने आए।
कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल करने और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले जांच के दौरान कई स्थानों पर कथित तौर पर सीधे बिजली लाइन से कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल करने और मीटरों से छेड़छाड़ किए जाने के मामले सामने आए। विभागीय टीमों ने संबंधित मीटर सीज किए और नियमानुसार जुर्माने तथा प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की तैयारी की। अभियान में ऊर्जा निगम के अधिकारियों के साथ विजिलेंस टीम और बनभूलपुरा पुलिस भी शामिल रही।ऊर्जा निगम के अधिकारियों के अनुसार, बनभूलपुरा के कुछ विद्युत फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पाया गया था। इसी के बाद अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाया गया। कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य बिजली चोरी पर अंकुश लगाना और विभाग को होने वाले राजस्व नुकसान को कम करना है। ।मीटर बाहर लगाने और स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी बिजली चोरी रोकने के लिए ऊर्जा निगम घरों के अंदर लगे मीटरों को बाहर स्थानांतरित करने, आर्मर्ड केबल लगाने और स्मार्ट मीटर की व्यवस्था को बढ़ावा देने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिया कि बिजली चोरी के मामलों में आगे भी सख्ती जारी रहेगी। अभियान के दौरान विभागीय कर्मचारियों से संबंधित कुछ शिकायतें भी सामने आईं, जिनकी जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। 





















