Connect with us

उत्तराखण्ड

राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेले की तैयारियों को लेकर बैठक, 30 अक्टूबर तक टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश

24 नवंबर से 3 दिसंबर तक एमबी इंटर कॉलेज मैदान में लगेगा सरस मेला, 250 स्टालों में देशभर के स्वयं सहायता समूह होंगे शामिल

भीमताल/हल्द्वानी, 6 अक्टूबर 2026।

एमबी इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में आगामी 24 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सरस मेला जनपद का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी शामिल होंगे। मेले में करीब 250 स्टाल लगाए जाएंगे। संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं मजबूत और सुव्यवस्थित की जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने मेले में कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग सहित महत्वपूर्ण विभागों के कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सभी अतिथियों के लिए आमंत्रण पत्र एवं ई-कार्ड तैयार कराने के निर्देश भी दिए गए।

सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीम गठित कर 30 अक्टूबर से पहले मेले से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी। सौंपे गए दायित्वों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करना अनिवार्य होगा।

बैठक में पुलिस एवं परिवहन विभाग को सुरक्षा और पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने, स्वास्थ्य विभाग को मेला स्थल पर चिकित्सा शिविर एवं एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान एवं विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल और विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था करने को कहा गया।

इसी प्रकार नगर निगम हल्द्वानी को मेला स्थल पर साफ-सफाई एवं कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था करने, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला पंचायतीराज अधिकारी सुरेश बेनी, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड हल्द्वानी प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी, जिला उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, संभागीय परिवहन अधिकारी गुरदेव सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, महाप्रबंधक जिला उद्योग पल्लवी गुप्ता, उपनिदेशक रेशम रोमिल पांडे, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page