उत्तराखण्ड
केंद्रीय विद्यालय सालावाला में सीबीसी ने चलाया स्वच्छता जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई शपथ

पोस्टर प्रतियोगिता में नवोदय सिंह प्रथम, धनिशी द्वितीय और श्रेया ने हासिल किया तृतीय स्थान
देहरादून। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून की ओर से केंद्रीय विद्यालय सालावाला में स्वच्छता शपथ एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वच्छ वातावरण के महत्व को समझाने और उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ लेकर अपने विद्यालय, घर और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ सामूहिक सहभागिता, कचरे के उचित निस्तारण और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
केंद्रीय विद्यालय सालावाला के प्राचार्य मयंक शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी व्यक्ति या संस्थान की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए सभी की सामूहिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बचपन से ही स्वच्छता की आदतें अपनानी चाहिए और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखकर दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। विद्यार्थी स्वच्छता के दूत बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता जनभागीदारी, जागरूकता और निरंतर प्रयासों पर निर्भर करती है। विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करना जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक से अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता के महत्व को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं की नवोदया सिंह ने प्रथम, कक्षा सातवीं की धनिशी ने द्वितीय तथा कक्षा आठवीं की श्रेया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें भविष्य में भी स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय परिसर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय विद्यालय सालावाला को एक कूड़ेदान भी भेंट किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और विद्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक राम किशोर मीणा सहित अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे। समारोह का समापन विद्यार्थियों से कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकने, स्वच्छता की आदतों को अपनाने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील के साथ हुआ। कार्यक्रम ने स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में शैक्षणिक संस्थानों और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।





















