Connect with us

उत्तराखण्ड

नैनीताल राष्ट्रीय एकता दिवस पर नैनीताल पुलिस लाइन में भव्य एकता परेड, छह पुलिसकर्मी डीजीपी डिस्क से सम्मानित

एडीजी प्रशासन एपी अंशुमान ने सरदार वल्लभभाई पटेल को दी श्रद्धांजलि, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ

पवनीत सिंह बिंद्रा

नैनीताल 31 अक्टूबर। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस जनपद नैनीताल में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन नैनीताल में भव्य एकता परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) उत्तराखंड एपी अंशुमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि एपी अंशुमान ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के बल पर 565 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण कर अखंड भारत की नींव को मजबूत किया। उनका जीवन अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और राष्ट्रीय एकता का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य का दायित्व है कि वह देश की आंतरिक सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करे।

छह पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से किया सम्मानित कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एपी अंशुमान ने उत्कृष्ट सेवा एवं विशिष्ट कार्यों के लिए जनपद नैनीताल के छह पुलिस कर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड एवं सिल्वर) से अलंकृत किया। सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर, उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, अपर उपनिरीक्षक जानकी वर्मा, अपर उपनिरीक्षक हरीश चन्द्र, मुख्य आरक्षी वीरेन्द्र राम तथा आरक्षी शंकर नाथ शामिल रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने पुलिस लाइन में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई। इसके बाद उन्होंने परेड ग्राउंड में पुलिस परेड की सलामी ली और पुलिस कर्मियों द्वारा जनसेवा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित जनपद के विभिन्न थानों के प्रभारी, पुलिस अधिकारियों और विभिन्न इकाइयों के प्रभारी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी थानों, चौकियों, पुलिस कार्यालयों एवं अन्य पुलिस इकाइयों में भी संबंधित प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने एकता की शपथ ली। इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page