उत्तराखण्ड
दूधिया रोशनी में संपन्न हुआ वानिकी प्रशिक्षण अकादमी का वार्षिक खेलकूद समारोह, साल हाउस बना ओवरऑल चैंपियन




हल्द्वानी। उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी (एफटीए), हल्द्वानी का वार्षिक खेलकूद समारोह-2026 पांच नवंबर को दूधिया रोशनी के बीच उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 30 अक्टूबर से शुरू हुए इस छह दिवसीय खेल आयोजन में प्रशिक्षु फॉरेस्टर और रेंजरों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
इस वर्ष अकादमी में उत्तराखंड प्रदेश के 130 फॉरेस्टर तथा देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 40 रेंजर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता को रोमांचक बनाने के लिए प्रशिक्षुओं को देवदार हाउस, साल हाउस और बुरांश हाउस नाम से तीन टीमों में विभाजित किया गया था। इन टीमों के बीच क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, खो-खो, योगासन, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
क्रिकेट और फुटबॉल में बुरांश व देवदार हाउस का दबदबा
क्रिकेट के पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में बुरांश हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साल हाउस को 14 रन से पराजित किया। बुरांश हाउस ने दो विकेट पर 71 रन बनाए, जबकि साल हाउस की टीम पांच विकेट पर 57 रन ही बना सकी।
फुटबॉल के फाइनल मुकाबले में देवदार हाउस ने साल हाउस को शूटआउट में 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। देवदार की ओर से सूरज और बिजलवान ने एक-एक गोल किया, जबकि साल हाउस की ओर से मार्को ने एकमात्र गोल दागा।
वॉलीबॉल के पुरुष वर्ग में देवदार हाउस ने साल हाउस को सीधे सेटों में 25-20 और 25-17 से हराकर ट्रॉफी जीती। वहीं महिला वर्ग में साल हाउस ने बुरांश हाउस को 25-15 और 25-15 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
टेबल टेनिस और बैडमिंटन में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
टेबल टेनिस के पुरुष एकल वर्ग में नवीन गौढ़ प्रथम, जोडिंसगाना द्वितीय और रोहित कुमार तृतीय स्थान पर रहे। महिला एकल में दीक्षा ने पहला, वियोना ने दूसरा और इबा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुष युगल में नवीन गौढ़ और आकाश रावत की जोड़ी विजेता रही, जबकि हिमांशु कुशवाहा और जोडिंसगाना दूसरे तथा रियल और पवन की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही। महिला युगल में वियोना और दिक्सेरा प्रथम, हर्षिता और इबा द्वितीय तथा दीक्षा रावत और शिवानी गौढ़ तृतीय रहीं।
बैडमिंटन पुरुष एकल में मंजुल बिष्ट ने पहला, नवीन गौढ़ ने दूसरा और अमित सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष युगल में मंजुल बिष्ट और नवीन गौढ़ की जोड़ी विजेता रही। मंगरोक और रूआता दूसरे तथा सत्यम पोखरियाल और जोडिंसगाना तीसरे स्थान पर रहे।
महिला एकल में रेखा बिष्ट प्रथम, प्रियंका द्वितीय और हर्षिता रावत तृतीय रहीं। महिला युगल में रेखा बिष्ट और हर्षिता रावत ने पहला, निवेदिता रावत और जेबा अंसारी ने दूसरा तथा प्रियंका रावत और शिवानी गौड़ की जोड़ी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कैरम और शतरंज में भी खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
कैरम पुरुष एकल वर्ग में सोबेंदर पवार प्रथम, हरीश बिष्ट द्वितीय और सचिन राना तृतीय रहे। महिला एकल में हर्षिता ने पहला, अफसान ए बावा ने दूसरा और नंदनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
पुरुष युगल में सोबेंदर और सचिन की जोड़ी प्रथम, आकाश गौतम और हरीश की जोड़ी द्वितीय तथा संकल्प और सचिन की जोड़ी तृतीय रही। महिला युगल में सरस्वती और काजल प्रथम, कनिका और खुशबू द्वितीय तथा प्रियंका और दीक्षा तृतीय स्थान पर रहीं।
शतरंज के पुरुष वर्ग में विशाल जोशी ने प्रथम, मंजुल बिष्ट ने द्वितीय और जिहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में रेखा प्रथम, नेहा द्वितीय और बीबी नागर तृतीय रहीं।
खो-खो के पुरुष मुकाबले में बुरांश हाउस ने साल हाउस को 13-10 से हराकर ट्रॉफी जीती। वहीं महिला वर्ग में साल हाउस ने बुरांश हाउस को कड़े मुकाबले में 21-20 से पराजित किया।
योगासन में संकल्प और अनामिका ने हासिल किया पहला स्थान
योगासन प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में संकल्प ने 85 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। नवीन बिष्ट 82 अंकों के साथ दूसरे और बेंजामिन 81 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में अनामिका ने 86 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। काजल और सरस्वती रावत 81-81 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे तथा किरन 80 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में बेंजामिन और प्रियांसी का शानदार प्रदर्शन
फील्ड एंड ट्रैक प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और गति का शानदार प्रदर्शन किया। पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में बेंजामिन ने 11.50 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। विनीत दूसरे और वतिलियोना तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में प्रियांसी प्रथम रहीं।
200 मीटर पुरुष दौड़ में बेंजामिन 27.15 सेकंड के समय के साथ प्रथम, के. लालराउतलेना द्वितीय और आकाश रावत तृतीय रहे। महिला वर्ग में प्रियांसी भंडारी प्रथम, दिक्सेरा द्वितीय और स्मृति तृतीय रहीं।
400 मीटर पुरुष दौड़ में बेंजामिन प्रथम, मनोज कुमार द्वितीय और प्रफुल्ल नेगी तृतीय रहे। महिला वर्ग में प्रियांसी भंडारी ने पहला, ज्योति ने दूसरा और स्रुति ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पांच किलोमीटर पुरुष दौड़ में वीरेन्द्र प्रथम, हिमांशु कुशवाहा द्वितीय और हरीश बिष्ट तृतीय रहे। महिला वर्ग में वैसाली प्रथम, ज्योति द्वितीय और शिवानी पोखरियाल तृतीय स्थान पर रहीं।
फील्ड इवेंट में भी खिलाड़ियों ने जीते पदक
शॉटपुट के पुरुष वर्ग में आकाश कुमार मालवीय प्रथम, विनीत वोहरा द्वितीय और विशेश्वर सिंह तृतीय रहे। महिला वर्ग में आंचल मेहता प्रथम, पूजा रानी द्वितीय और विशाखा दिवाकर तृतीय रहीं।
जैवलिन थ्रो में पुरुष वर्ग में हरीश बिष्ट ने पहला, थिरलिंग ने दूसरा और मंगकारा मरविन ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में आंचल मेहता प्रथम, किरन चमियाल द्वितीय और शिवानी सिंह तृतीय रहीं।
डिस्कस थ्रो पुरुष वर्ग में विनीत वोहरा प्रथम, आकाश कुमार मालवीय द्वितीय और शरद तृतीय रहे। महिला वर्ग में प्रियंका धनगर प्रथम, शिवानी सिंह द्वितीय और किरन चमियाल तृतीय रहीं।
लांग जंप में पुरुष वर्ग में मनोज कुमार प्रथम, मार्को द्वितीय और विनीत वोहरा तृतीय रहे। महिला वर्ग में रितिका कश्यप प्रथम, ज्योति द्वितीय और दिक्सेरा तृतीय रहीं। हाई जंप में मनोज कुमार ने 4.98 फुट की छलांग लगाकर पहला स्थान प्राप्त किया। मार्को दूसरे और विनीत वोहरा तीसरे स्थान पर रहे। टग ऑफ वार प्रतियोगिता में बुरांश हाउस ने प्रथम, साल हाउस ने द्वितीय और देवदार हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लॉन टेनिस में राहुल और रेखा ने जीते खिताब
लॉन टेनिस प्रतियोगिता के पुरुष एकल फाइनल में राहुल ने हरीश सिंह राणा को टाईब्रेक में 7-3 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। सत्यम पोखरियाल तीसरे स्थान पर रहे। पुरुष युगल फाइनल में सत्यम पोखरियाल और मुकेश की जोड़ी प्रथम, राहुल चौहान और हरनीश बिष्ट की जोड़ी द्वितीय तथा सौरभ बिष्ट और मंगकारा की जोड़ी तृतीय रही।
महिला एकल फाइनल में रेखा ने हिमानी अधिकारी को 6-3 से हराकर खिताब जीता। महिला युगल में रेखा और थियोफेनी की जोड़ी प्रथम, स्नेहा और शिवानी की जोड़ी द्वितीय तथा वैसाली और करिश्मा की जोड़ी तृतीय स्थान पर रही।
इस अवसर पर एफटीए हल्द्वानी के टेनिस प्रशिक्षक एवं डिस्ट्रिक्ट टेनिस एसोसिएशन नैनीताल के सचिव हेम कुमार पांडेय ने कहा कि यदि फॉरेस्ट प्रशिक्षु इसी तरह अनुशासन और नियमितता के साथ टेनिस का अभ्यास जारी रखते हैं तो आने वाले समय में वे अपने-अपने प्रदेशों का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकते हैं। टेनिस प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका देवेंद्र सिंह बिष्ट और रजत कुमार सती ने निभाई। वहीं अन्य खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में कुलदीप सिंह अधिकारी और उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
साल हाउस ने 212 अंकों के साथ जीती ओवरऑल चैंपियनशिप
छह दिवसीय खेल प्रतियोगिता के समापन पर अंकों के आधार पर साल हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 212 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। बुरांश हाउस 208 अंकों के साथ दूसरे और देवदार हाउस 159 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि अकादमी के निदेशक एवं मुख्य वन संरक्षक संजीव चतुर्वेदी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सूरज तिवारी, प्रभागीय वनाधिकारी एवं उपनिदेशक उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त आशीर्वाद कटियार, प्रभागीय वनाधिकारी एवं उपनिदेशक तथा सेवानिवृत्त प्रभागीय वनाधिकारी बलवंत साही और गोपाल सिंह कार्की भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षुओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने, अनुशासन बनाए रखने और टीम भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।
समापन अवसर पर उपनिदेशक सूरज तिवारी ने वार्षिक खेलकूद समारोह को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अकादमी के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रशिक्षुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रशिक्षुओं के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आपसी सहयोग और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





