उत्तराखण्ड
दिल्ली पुलिस के एसीपी की कथित टिप्पणी से भड़के अधिवक्ता, नैनीताल जिला बार ने मनाया विरोध दिवस


एसीपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग, न्यायालय परिसर में की नारेबाजी; बागेश्वर के धीरेंद्र हत्याकांड पर जताया गहरा शोक
नैनीताल। दिल्ली पुलिस के एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) द्वारा अधिवक्ताओं के विरुद्ध की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश व्याप्त है। इसी के विरोध में गुरुवार को जिला बार एसोसिएशन नैनीताल के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने विरोध दिवस मनाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। अधिवक्ताओं ने संबंधित पुलिस अधिकारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।
इससे पूर्व प्रताप भैया सभागार में जिला बार एसोसिएशन की आमसभा आयोजित की गई। बैठक में अधिवक्ताओं ने दिल्ली पुलिस के एसीपी की कथित टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है। अधिवक्ता हमेशा संविधान, कानून और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करते हैं। ऐसे में अधिवक्ताओं के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकतीं।
बैठक को संबोधित करते हुए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट एवं सचिव संजय सुयाल ने कहा कि अधिवक्ता समाज के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल अधिवक्ता समुदाय की प्रतिष्ठा को प्रभावित करती हैं, बल्कि न्यायिक व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पेशे की गरिमा पर भी सवाल खड़े करती हैं।
आमसभा के बाद अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में एकत्र होकर नारेबाजी की और संबंधित अधिकारी के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए स्पष्ट किया कि जब तक इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अपने सम्मान और अधिकारों की आवाज उठाते रहेंगे।
बागेश्वर हत्याकांड पर जताया शोक
वहीं, बैठक में बागेश्वर में हुए धीरेंद्र हत्याकांड पर भी अधिवक्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इसके अतिरिक्त जिला बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव दीपक रुवाली ने भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता भगवत प्रसाद, नीरज साह, अशोक मौलखी, संयुक्त सचिव नीरज गोस्वामी, अनिल बिष्ट, शंकर सिंह चौहान, रविशंकर आर्या, हरेंद्र बोरा, मनीष भट्ट, गौरव कुमार, निर्मल कुमार, मोहम्मद खुर्शीद, बिलाल, तरुण चंद्रा, मोहित, प्रीति साह, तारा आर्य सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।





