उत्तराखण्ड
ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रकों से बैटरी और डीजल चोरी से ट्रांसपोर्टर आक्रोशित

हल्द्वानी,,04 सितंबर 2026। ट्रांसपोर्ट नगर हल्द्वानी में सड़क किनारे खड़े ट्रांसपोर्ट वाहनों से बैटरी, कॉपर वायरिंग, कलपुर्जे और डीजल चोरी की बढ़ती घटनाओं से ट्रांसपोर्टरों में भारी आक्रोश है। उत्तराखण्ड देवभूमि ट्रक ऑनर्स महासंघ ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने, रात्रि गश्त बढ़ाने और खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय करने की मांग की है।
महासंघ के अध्यक्ष राकेश जोशी ने बताया कि पिछले कुछ समय से ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। रात के अंधेरे में चोर खड़े वाहनों की बैटरियां और कीमती कॉपर वायरिंग काटकर ले जा रहे हैं। इससे वाहन स्वामियों को एक-एक घटना में करीब 15 से 20 हजार रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं से ट्रांसपोर्टरों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
महासंघ के प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था खराब होने के साथ ही यातायात नगर परियोजना के कई सीसीटीवी कैमरे भी काम नहीं कर रहे हैं। अंधेरा और निगरानी व्यवस्था कमजोर होने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त कराने तथा संदिग्ध और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की।
बीती रात पांच वाहनों को बनाया निशाना
महासंघ के अनुसार बीती रात भी चोरों ने पांच वाहनों को निशाना बनाया। श्री हेमंत रौतेला के वाहन संख्या UK04CA-8504, श्री ललित पाठक के वाहन संख्या UK04CA-5013, UK04CA-4725, UK04CA-6012 तथा वाहन संख्या UK04CC-0107 से बैटरी और तार चोरी किए गए।
घटना की जानकारी एसपी सिटी हल्द्वानी तथा ट्रांसपोर्ट नगर चौकी प्रभारी मनोज को फोन के माध्यम से दे दी गई है। साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर चौकी में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
महासंघ ने यातायात नगर अनुश्रवण समिति के अध्यक्ष एवं सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी तथा एसपी सिटी हल्द्वानी से मांग की है कि ट्रांसपोर्ट नगर में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया जाए, खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल सक्रिय किया जाए तथा चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि चोरी की घटनाओं पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो ट्रांसपोर्टर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।मांग करने वालों में महासंघ अध्यक्ष राकेश जोशी, ललित पाठक, जसपाल सिंह कोहली, रोहित रौतेला, करन मनराल, भास्कर जोशी, नीरज नेगी, पंडित दया किशन शर्मा, जय उप्रेती, हरजीत सिंह चड्ढा, नवीन उप्रेती, उमेश चंद्र पांडे, हरपाल सिंह समेत अन्य ट्रांसपोर्टरचंद शामिल रहे।

















