Connect with us

उत्तराखण्ड

ज्योलीकोट में दूषित पेयजल पर सीएम धामी का सख्त एक्शन, छह इंजीनियर निलंबित

जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ पर कार्रवाई, नैनीताल जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को भी कठोर कार्रवाई की चेतावनी

देहरादून। नैनीताल जिले के ज्योलीकोट क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति और पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन नैनीताल की रिपोर्ट के आधार पर उत्तराखंड जल संस्थान और पेयजल निगम के छह वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

सरकार की ओर से की गई कार्रवाई में जल संस्थान हल्द्वानी के प्रभारी अधीक्षण अभियंता, नैनीताल जल संस्थान के सहायक अभियंता एवं अपर सहायक अभियंता तथा पेयजल निगम भीमताल के अधिशासी अभियंता, प्रभारी सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता शामिल हैं। वहीं, नैनीताल जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को भविष्य में कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

बताया गया कि ज्योलीकोट क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति से जन स्वास्थ्य प्रभावित होने की शिकायतों को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया। इसके बाद शीर्ष अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से किसी भी स्तर पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए जनहित सर्वोपरि है और जो भी अधिकारी या कर्मचारी जनता के हितों की अनदेखी करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी विभागाध्यक्षों और शीर्ष अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

एक दिन पहले फर्जी प्रमाणपत्र मामले में भी कार्रवाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर एक दिन पूर्व NEET UG 2026 की राज्य केंद्रीयकृत काउंसिलिंग में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर प्रवेश लेने के मामले में भी कार्रवाई की गई थी। इस मामले में अब तक आठ अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र निरस्त किए जा चुके हैं और उनकी प्रवेश प्रक्रिया भी रद्द की गई है।

लगातार दो दिनों में सामने आई इन कार्रवाइयों को सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति और प्रशासनिक जवाबदेही पर जोर के रूप में देखा जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page